घर के बेडरूम में छिपाकर रखी थी महुआ शराब, आंगन में जमीन के नीचे मिला 100 किलो लाहन

Spread the love

 

सक्ती : जिले के ग्राम साजाडेरा में आबकारी विभाग ने अवैध महुआ शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके घर से 12 लीटर महुआ शराब और जमीन में गाड़कर रखे गए 100 किलो महुआ लाहन को बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आबकारी विभाग के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। ग्राम साजाडेरा, थाना बाराद्वार निवासी बुद्धेश्वर कंवर (38), पिता ननकी कंवर के घर से अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिली थी।

छद्म ग्राहक से कराई शराब की खरीदारी

शिकायत की पुष्टि के लिए आबकारी टीम ने पहले एक छद्म ग्राहक के माध्यम से महुआ शराब खरीदी। खरीदारी के दौरान शराब बेचने की पुष्टि होने के बाद टीम ने वार्ड क्रमांक 11 स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी।

ये भी पढ़े :कबीरधाम मेडिकल कॉलेज में 650 बिस्तरों का अस्पताल बनाने की तैयारी, 100 एमबीबीएस सीटों के अनुरूप होगा विस्तार

तलाशी के दौरान घर के शयनकक्ष में छिपाकर रखे गए 40 पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिले। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर महुआ शराब थी। इसके अलावा दो हरी प्लास्टिक बोतलों में 2-2 लीटर शराब रखी हुई थी। इस तरह कुल 12 लीटर महुआ मदिरा बरामद की गई।

आंगन में जमीन के नीचे दबा रखा था 100 किलो लाहन

घर के आंगन में तलाशी के दौरान जमीन में गाड़कर रखे गए पांच प्लास्टिक डिब्बे भी मिले। प्रत्येक डिब्बे में 20 किलो महुआ लाहन भरा था। इस तरह कुल 100 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।

आबकारी विभाग ने 12 लीटर महुआ शराब और 100 किलो लाहन की बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।

आबकारी टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव और भीम साहू सहित आबकारी स्टाफ के परसराम, कमलेश यादव एवं बसंती चौधरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *