- गुढ़ियारी क्षेत्र के विकास नगर का मामला, महिला को अस्पताल में कराया गया है भर्ती
- महिला ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज
रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक विवाहिता को उसके ही ससुराल वालों ने जान से मारने का प्रयास किया। पहले महिला की बुरी तरह से पिटाई की। जब वह बेहोश हो गई तो उसे फंदे से लटका दिया। महिला की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मजिस्ट्रेट को दिए बयान में महिला ने अपनी सास और ननद पर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। इसके बाद गुढ़ियारी थाने में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दो साल पहले हुई थी महिला की शादी
जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी के विकास नगर निवासी राकेश जंघेल से सुलोचना की शादी अप्रैल 2018 में हुई थी। सुलोचना का आरोप है कि इसके बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। सास और ननद मिलकर उससे अक्सर मारपीट किया करते थे। घटना वाले दिन भी उसे बुरी तरह से पीटा गया और फंदे से लटका दिया। सुलोचना को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर है और उपचार जारी है।
फंदे से उतारकर अस्पताल में किसने भर्ती कराया पता नहीं
अस्पताल में सुलोचना ने मजिस्ट्रेट को दिए बयान में बताया कि 13 जून की रात सास और ननद के साथ उसका विवाद हुआ था। फिर अगले दिन 14 जून को उसको बुरी तरह से पीटा गया। इसके बाद फंदे से लटका दिया। सुलोचना ने बताया कि बेहोश होने के कारण उसे नहीं पता कि किसने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया है। मजिस्ट्रेट को दिए बयान के आधार पर सास और ननद साधना के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ है।