मौसम ने अचानक बदली करवट और टूट पड़ा कहर! आकाशीय बिजली की चपेट में आई मासूम, मौत से मचा मातम

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में शनिवार को अचानक मौसम बिगड़ने के बाद खेत में काम कर रहे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में एक 7 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम में बिनिया गांव में एक परिवार अपने खेत में रोपा लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान करीब शाम 4:30 बजे अचानक मौसम करवट लेने लगा। कुछ देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिरी, जिसकी चपेट में आने से तीन लोग झुलसकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के वक्त बच्ची की मां भी मौके पर मौजूद थी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *