अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला: ग्रामीणों के विरोध के बीच 6 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

 

 

धक्का-मुक्की और मारपीट के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ की दोबारा कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदागढ़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अवैध शराब निर्माण और बिक्री की सूचना पर गुरुवार देर रात गांव पहुंची पुलिस टीम को कार्रवाई के दौरान भारी विरोध, धक्का-मुक्की और मारपीट का सामना करना पड़ा। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव से बाहर निकलना पड़ा। हालांकि पुलिस ने संयम बनाए रखते हुए अगले ही दिन अतिरिक्त बल के साथ दोबारा कार्रवाई की और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, छुरा पुलिस को लंबे समय से डोंगरीपानी गांव में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।

इसी सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात करीब आठ पुलिसकर्मियों की टीम गांव पहुंची। पुलिस जैसे ही कार्रवाई में जुटी, कुछ आरोपियों और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की घटना सामने आई।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए संयम का परिचय दिया और गांव से बाहर निकलकर वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद शुक्रवार सुबह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दोबारा गांव में दबिश दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़े :विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पंडरिया नगर में 250 सीटर ऑडिटोरियम निर्माण हेतु मिली 1.99 करोड़ रु.से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति

गिरफ्तार आरोपियों में चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग शामिल हैं। सभी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। नाबालिग के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।इस पूरे मामले को लेकर गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *