रायगढ़ : जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने एक डेयरी से 7 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के निर्देश तथा जिला अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी के नेतृत्व में सतगुरु डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद हुआ। अधिकारियों ने पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया और शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही डेयरी संचालक को सुधार सूचना नोटिस भी जारी किया गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी सहित कोड़ातराई और पटेलपाली स्थित प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। इस दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान से ओडिशा से लाया गया 8 किलोग्राम एक्सपायरी खोवा बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे भी मौके पर नष्ट कराते हुए संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

