ऑनलाइन बेटिंग की लत लगाई, फिर जान से मारने की धमकी! नाबालिग से चुरवाए 8 लाख के जेवर, पार्षद पुत्र समेत 3 गिरफ्तार

Spread the love

भिलाईनगर : स्मृतिनगर चौकी अंतर्गत एक अलग तरह का मामला सामने आया है। नाबालिग को धमकाकर और जान से मारने की धमकी देकर मामा के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपए के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32 वर्ष) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब 2-3 महीने पहले 17 वर्ष के भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकी दी थी।

आरोपियों ने नाबालिग पर घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाया। इसके बाद नाबालिग के जरिए मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बाली और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी करवाया गया। जबकि नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थी।

ये भी पढ़े :54 एकड़ सरकारी जमीन पर बवाल! आवंटन नहीं रुका तो 15 अगस्त से हाईवे जाम, स्वतंत्रता दिवस बहिष्कार का ऐलान

शिकायत के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग को धमकाकर उसके जरिए घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाते थे। नाबालिग के लाए गए जेवर आरोपी अपने कब्जे में ले लेते थे।

पुलिस ने तकनीकी जानकारी और जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने भिलाई के वार्ड नंबर- 6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32 वर्ष), करन सोनी (25 वर्ष) और रोहित गुप्ता (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डालने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *