महासमुंद : विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के परिवार द्वारा कार्यालय परिसर में आयोजित रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में मंगलवार को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह शामिल हुए। कार्यालय पहुंचने पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद पुरोहितों द्वारा हवन-पूजन संपन्न कराया गया।
डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि महादेव देवों के देव हैं और श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। शिव भक्ति और आराधना से मन को शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं उनके परिवार को धार्मिक आयोजन के लिए बधाई दी।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा, “महादेव की सेवा में ही जीवन का सार छुपा हुआ है। हम तो केवल माध्यम हैं, करने वाले तो स्वयं महादेव हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूजन के बाद डॉ. रामप्रताप सिंह और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के बीच विभिन्न विषयों पर सौहार्द्रपूर्ण चर्चा भी हुई।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता बंटी शर्मा, संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, अभिषेक पांडे, राजा अग्रवाल, कमलेश डड़सेना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

