80 हजार की मरम्मत के बाद भी बच्चों की जान पर खतरा! स्कूल की छत से टपक रहा पानी, सरिया बाहर

Spread the love

मोहला-मानपुर : जिले के औंधी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरखेड़ा में माध्यमिक शाला भवन के मरम्मत कार्य में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। शाला प्रबंधन समिति व ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करते हुए छत मरम्मत के नाम पर सरकारी पैसों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

दरअसल ग्राम पंचायत ने हालिया वर्ष में 80 हजार रुपए की लागत से चार दशक पुराने इस स्कूल भवन में लोक शिक्षण मद से छत मरम्मत का कार्य करवाया है। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार, स्थानीय ग्रामीण कीर्तन लाल कोठारी व अन्य ने बताया कि उक्त मरम्मत कार्य के बाद भी स्कूल भवन बच्चों के लिए सुरक्षित और शाला संचालन योग्य नहीं हो सका।

छत से अभी भी पानी टपकता है, कभी भी छत की सीमेंट भरभराकर गिर जाती है और सरिया तक बाहर झांक रही है। कुल मिलाकर जिस समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत ने 80 हजार रुपए फूंक दिए वो समस्या जस की तस बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि भवन में शाला लगाना मतलब मासूम नौनिहालों की जान को जोखिम में डालना है। ऐसे में मजबूरी ऐसी आन पड़ी है कि स्कूल परिसर में मौजूद टीन की छत वाले वर्षों पुराने एक भवन में शाला संचालन करना पड़ रहा है, जहां बदइंतजामी के बीच अध्यापक बच्चों का बमुश्किल अध्यापन करा रहे हैं।

ये भी पढ़े :दुर्ग में नकली सिगरेट का बड़ा खेल बेनकाब! 18 हजार GOLD FLAKE PREMIUM जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीणाें ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए उक्त कार्य को ग्रामीण छत में किसी तरह का पेंट लगाकर महज खानापूर्ति का मरम्मत कार्य करार दे रहे हैं। ग्रामीण सीधे तौर पर कह रहे हैं कि 80 हजार रुपये के काम के नाम पर महज 10 से 15 हजार रुपये का काम कराया गया है। अब ग्रामीण पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिस ग्राम पंचायत ने इस दशकों पुराने भवन के छत मरम्मत का काम करवाने से गुरेज नहीं किया वही ग्राम पंचायत अब भवन के उम्र दराज होने का हवाला देते हुए अपनी मुश्किलें गिना रहा है।

गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी : एसडीएम

सरपंच पद्मा पद्मा बाई कृषान का कहना है कि भवन बहुत पुराना है। ग्राम पंचायत ने अच्छा काम करवाया है। इधर क्षेत्र के एसडीएम अमित नाथ योगी ने इस मामले की जांच व यथोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा है कि शाला प्रबंधन समिति शिकायत कर रहा है तो इसकी जांच करवाएंगे। गड़बड़ी पाई गई तो नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *