एमसीबी: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। चिरमिरी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने पाराडोल से नागपुर रोड स्टेशन तक नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन के निर्माण और बोरीडांड-चिरमिरी रेल लाइन के स्लूइंग कार्य के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया है। करीब ₹601.90 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ईपीसी मोड पर दो वर्षों (730 दिन) में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह परियोजना प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह क्षेत्र एमसीबी जिले के विकास की दिशा में एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है। लंबे समय से बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है।
क्या-क्या होगा परियोजना में?
नई परियोजना के तहत पाराडोल टेकऑफ पॉइंट से नागपुर रोड स्टेशन तक करीब 17.5 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही बोरीडांड-चिरमिरी रेल लाइन के एक हिस्से का स्लूइंग कार्य भी किया जाएगा, ताकि नई लाइन को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ा जा सके।
परियोजना में आधुनिक रेल अधोसंरचना विकसित की जाएगी, जिसमें—
नई ब्रॉडगेज रेल लाइन का निर्माण
बड़े पुल और वायाडक्ट
रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं रोड अंडर ब्रिज (RUB)
आधुनिक सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली
ऑप्टिकल फाइबर केबल
रेलवे विद्युतीकरण
नई चिरमिरी स्टेशन सहित पाराडोल जंक्शन और नागपुर रोड स्टेशन का उन्नयन
जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
रेल कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी नई गति
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस परियोजना से चिरमिरी और पूरे एमसीबी जिले की देश के अन्य हिस्सों से रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। कोयला एवं खनिज परिवहन को गति मिलेगी, जिससे उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल नेटवर्क से क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा तथा सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
क्षेत्र में खुशी की लहर
नई रेल परियोजना का टेंडर जारी होने के बाद एमसीबी जिले और चिरमिरी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होती दिखाई दे रही है। लोगों ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि परियोजना तय समय में पूरी होगी और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

