ओम माथुर ने भाजपा नेताओं संग की टिकट वितरण पर चर्चा, बोले- परिवर्तन यात्रा के बाद आएगी दूसरी सूची

ओम माथुर ने भाजपा नेताओं संग की टिकट वितरण पर चर्चा, बोले- परिवर्तन यात्रा के बाद आएगी दूसरी सूची

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चुनावी रणनीति पर चर्चा की। माथुर ने चुनावी टिकट वितरण को लेकर चर्चा की। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन के बाद भाजपा की अगली सूची जाएगी। अभी तक भाजपा ने 21 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशियों का नाम घोषित कर दिया है। बैठक में प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल व अन्य नेता मौजूद रहे।

बैठक में 28 सितंबर को प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई । इसके अलावा परिवर्तन यात्रा में लोगों के मिल रहे फीडबैक पर भी पार्टी ने अपनी रणनीति बनाई है। माथुर ने आदर्श आचार संहिता लगने से पहले उन तमाम गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए हैं जिससे पार्टी की सत्ता वापसी हो सके। खासकर मतदाताओं तक संपर्क अभियान को बढ़ाने पर भी जोर देने को कहा गया है।

दूसरी सूची में 32 प्रत्याशियों की हो सकती है घोषणा

बताया जा रहा है कि दूसरी सूची में 32 प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। इसमें बस्तर, बिलासपुर संभाग की पांच, सरगुजा की सात, रायपुर संभाग की छह और दुर्ग संभाग की दस सीट हैं। इस सूची में मंत्रियों की विधानसभा सीट पर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।

बतादें कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 21 प्रत्याशी घोषित करके बढ़त बनाने की कोशिश की है। इधर, भाजपा की टिकट की टिकटिक अटक गई है। भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि सितंबर के पहले सप्ताह तक भाजपा की दूसरी सूची आ जाएगी। लेकिन भाजपा की सूची में केंद्रीय संगठन का पेंच फंस गया है। प्रदेश संगठन की तरफ से भेजी गई सूची को लेकर केंद्रीय संगठन ने एक बार फिर खोजबीन शुरू की है।

You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे

Comments

  • No Comments...

Leave Comments