अंबिका सिंहदेव और कुलदीप पर संगठन ने जताया भरोसा, चार विधायकों की टिकट कटी

अंबिका सिंहदेव और कुलदीप पर संगठन ने जताया भरोसा, चार विधायकों की टिकट कटी

रायपुर : कांग्रेस की तीसरी व अंतिम सूची में पार्टी का सर्वे और जनाधार बड़ा फैक्टर साबित हुआ है। पार्टी ने छह में से दो विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया, वहीं चार उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे पाए। जो उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे उन विधायकों में सिहावा से लक्ष्मी ध्रुव, कसडोल से शंकुतला साहू, सरायपाली से किस्मत लाल नंद और महासमुंद से विनोद चंद्राकर की टिकट काटी गई है।

वहीं, रायपुर उत्तर से विधायक कुलदीप जुनेजा और बैंकुठपुर से अंबिका सिंहदेव टिकट पाने में सफल रहे। कांग्रेस ने अब तक कुल 22 विधायकों के टिकट काटे गए हैं। पहली सूची में आठ, दूसरी सूची में 10 और तीसरी और अंतिम सूची में चार विधायक विधानसभा चुनाव की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

महासमुंद व सरायपाली में पहली बार महिला प्रत्याशी

महासमुंद व सरायपाली सीट से पहली बार महिलाओं को अवसर दिया गया है। महासमुंद से विधायक विनोद चंद्राकर के स्थान पर वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर व सरायपाली से मौजूदा विधायक किस्मतलाल नंद की जगह चातुरी नंद को उम्मीदवार बनाया गया है। डा. रश्मि पहली बार चुनाव लड़ेंगी। वे बीएचएमएस शिक्षित हैं। पूर्व में बेमचा से जनपद सदस्य चुनकर महासमुंद जनपद अध्यक्ष बनी। अभी कांग्रेस की जिलाध्यक्ष हैं। रश्मि की उम्र 43 वर्ष व चातुरी की उम्र 42 वर्ष है। दोनों पहली बार चुनावी मैदान पर होंगी। चातुरी डिग्रीलाल नंद भुकेल स्कूल में व्याख्याता हैं। इन्होंने चौहान सेना बनाकर सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता से कार्य किया। चौहान सेना की प्रदेशाध्यक्ष हैं।

रायपुर उत्तर की महत्वपूर्ण सीट पर आखिरकार विधायक कुलदीप जुनेजा ने बाजी मार ली। यहां कांग्रेस से कई बड़े रसूखदार दौड़ में शामिल थे। भाजपा ने यहां पुरंदर मिश्रा को टिकट दिया है। रायपुर उत्तर से जुनेजा की टिकट कटने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सभी समीकरण को गलत साबित करते हुए जुनेजा इस बार फिर मैदान पर हैं। इस सीट पर अंतिम मुहर भी आखिरी सूची में ही लगी।

ओंकार साहू पहली बार मैदान पर

धमतरी विधानसभा क्षेत्र से नगर पंचायत आमदी निवासी ओंकार साहू को कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया है। वर्तमान में वे धमतरी के मंडी अध्यक्ष हैं। कांग्रेस पार्टी के लिए यह नया चेहरा है। धमतरी में इनका मुकाबला भाजपा की वर्तमान विधायक रंजना दीपेंद्र साहू से होगा।

विधायक के स्थान पर पूर्व विधायक को टिकट

सिहावा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अंबिका मरकाम को कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किया गया है। वर्तमान में वह प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष है। वर्ष 2008 में सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक थी। आदिवासी समाज में इनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है। सिहावा विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक डा.लक्ष्मी ध्रुव की टिकट काटी गई है। सूत्रों के मुताबिक इससे पहले पार्टी के कार्यकताओं ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। साथ ही टिकट देने पर सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी थी।

उपमुख्यमंत्री की करीबी अंबिका सिंहदेव को दूसरा मौका

कोरिया जिले के बैकुंठपुर विधानसभा सीट(सामान्य)के लिए दूसरी बार कांग्रेस ने अंबिका सिंहदेव को टिकट दे दिया है। अविभाजित मध्य प्रदेश में मंत्री रहे व कोरिया कुमार डा. रामचंद्र सिंह जूदेव की भतीजी हैं। 2018 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के भैयालाल राजवाड़े को लगभग 15,000 मतों से पराजित किया था। कांग्रेस संगठन से जुड़ी अंबिका सिंहदेव छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की भी करीबी बताई जाती हैं।

शंकुतला को भारी पड़ी कार्यकताओं की नाराजगी

कसडोल विधानसभा से वर्तमान विधायक शंकुतला साहू पर कार्यकताओं की नाराजगी भारी पड़ी। बताया जाता है कि पिछले काफ़ी दिनों से कसडोल विधानसभा क्षेत्र में लगातार इनके विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ता आवाज़ उठा रहे थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्टी सर्वे पर वह खरी नहीं उतरी। वर्तमान में तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष व केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त संदीप साहू को यहां से प्रत्याशी बनाया गया है। वे साहू समाज के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। परिसीमन पूर्व वह कसडोल विधानसभा क्षेत्र के निवासी है।

कांग्रेस की सीटों पर एक नजर

  • 90 विधानसभा सीटों पर होना है चुनाव।
  • 29 एसटी वर्ग के लिए हैं आरक्षित।
  • 10 एससी वर्ग के लिए हैं आरक्षित।
  • 51 सामान्य सीट प्रदेश में।
  • 29 ओबीसी सामान्य सीटों पर।
  • 17 सामान्य प्रत्याशी उतरे मैदान में।
  • 06 एसटी-एससी वर्ग के प्रत्याशी सामान्य सीट पर।
  • 18 सीटों पर उतरीं महिलाएं।
  • 30 नए चेहरों को उतारा मैदान में।

 

You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे

Comments

  • No Comments...

Leave Comments