भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। साल 2024 में ईवी की बिक्री ने नए रिकॉर्ड बनाए। इस वर्ष कुल 19,49,114 यूनिट्स इलेक्ट्रिक वाहन बिके। औसतन हर दिन 5,325 वाहनों की बिक्री हुई।
हालांकि, दिसंबर में बिक्री में मामूली गिरावट के कारण यह आंकड़ा 20 लाख को पार नहीं कर सका।
27% की वृद्धि: ईवी की सेल्स में बड़ी छलांग
साल 2023 के मुकाबले 2024 में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 27% की वृद्धि दर्ज की गई। 2023 में जहां 15,32,389 यूनिट्स की बिक्री हुई थी, वहीं 2024 में यह संख्या 4,16,728 यूनिट्स बढ़कर 19 लाख से अधिक हो गई। सबसे ज्यादा बिक्री फेस्टिवल सीजन, खासतौर पर अक्टूबर में देखी गई, जब 2 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बिके।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स और थ्री-व्हीलर्स की मजबूत पकड़
भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की डिमांड सबसे अधिक रही। ऑटोकार प्रो की रिपोर्ट के अनुसार, कुल ईवी बिक्री का 59% हिस्सा टू-व्हीलर्स का रहा। इसके बाद 35% हिस्सेदारी थ्री-व्हीलर्स की रही। पैसेंजर व्हीकल्स (PVs) का योगदान 5% का रहा।
2024 में 11,48,575 यूनिट्स इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बिके, जो 2023 की तुलना में 33% ज्यादा है। इसी तरह, थ्री-व्हीलर्स की बिक्री में 18% की बढ़ोतरी हुई और 6,91,323 यूनिट्स की बिक्री हुई। पैसेंजर व्हीकल्स में 22% की वृद्धि के साथ 89,827 यूनिट्स बेचे गए।
बस और भारी वाहनों की बिक्री में भी उछाल
देश में इलेक्ट्रिक बसों की बिक्री में 59% का इजाफा हुआ। 2023 में जहां 2,397 बसें बिकी थीं, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 3,822 हो गया। हैवी गुड व्हीकल्स की 220 यूनिट्स, लाइट गुड व्हीकल्स की 5,996 यूनिट्स, और अन्य 110 वाहनों की बिक्री हुई।
Comments