रायगढ़ : सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला किया। 60 अधिकारियों को नवीन पदस्थापना दी गई जबकि तीन के ट्रांसफर आदेश में कई महीनों बाद संशोधन किया गया। शुक्रवार को जारी आदेश में शनिवार को कुछ संशोधन भी हो गए। ताजा लिस्ट में रायगढ़ जिले को दो अपर कलेक्टर, दो संयुक्त कलेक्टर और एक डिप्टी कलेक्टर मिले हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के 63 अफसरों की पदस्थापना में बदलाव किए हैं। अफसरों को तबादला कर नई जिम्मेदारी दी गई है। धरमजयगढ़ एसडीएम संयुक्त कलेक्टर डिगेश पटेल को महाप्रबंधक पाठ्यपुस्तक निगम बनाया गया है। रायगढ़ में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर को गरियाबंद भेजा गया है। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो और अपर कलेक्टर सरगुजा रवि राही को रायगढ़ का अपर कलेक्टर बनाकर भेजा गया है।
संयुक्त कलेक्टर गरियाबंद राकेश कुमार गोलछा और संयुक्त कलेक्टर बालोद पूजा बंसल को रायगढ़ पदस्थ किया गया है। डिप्टी कलेक्टर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर प्रवीण कुमार भगत को भी रायगढ़ पदस्थ किया गया है। रायगढ़ के पूर्व एसडीएम प्रकाश कुमार सर्वे को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का अपर कलेक्टर बनाया गया है। बलरामपुर रामानुजगंज के अपर कलेक्टर इंद्रजीत बर्मन को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है।
चंद्रवंशी पहुंचे रायपुर, रमेश-महेश रायगढ़
तबादला सूची में रायगढ़ नगर निगम के पूर्व आयुक्त सुनील चंद्रवंशी का भी नाम है। सुनील को हाल ही में बिलासपुर अपर कलेक्टर बनाया गया था। शुक्रवार की सूची में उनको उप सचिव मंत्रालय बनाया गया है। डिप्टी कलेक्टर शशिकांत कुर्रे को रायगढ़ से बीजापुर भेजा गया था, लेकिन शनिवार को संशोधन करते हुए उनको कोरबा भेजा गया। इसी तरह 27 फरवरी 2024 को आदेश में डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर को खैरागढ़ छुईखदान गंडई तबादला किया गया था। लेकिन अब उनको रायगढ़ में ही पदस्थापना दी गई। डिप्टी कलेक्टर महेश शर्मा को भी 3 जुलाई 2024 को बिलासपुर भेजा गया था। उनको भी रायगढ़ में ही रहने का आदेश दिया गया है।
Comments