निर्वाचन के सफल आयोजन हेतु जनपद पंचायत बेमेतरा में कुल 10 सेक्टर बनाए गए

निर्वाचन के सफल आयोजन हेतु जनपद पंचायत बेमेतरा में कुल 10 सेक्टर बनाए गए

बेमेतरा : त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के अंतर्गत जनपद पंचायत बेमेतरा में नाम निर्देशन प्रक्रिया आज से विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई है। निर्वाचन के सफल आयोजन हेतु जनपद पंचायत बेमेतरा में कुल 10 सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक सेक्टर के लिए 01 अतिरिक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। नाम निर्देशन के लिए ग्राम पंचायत छिरहा, उमरिया, खण्डसरा, झाल, बालसमुंद, चंदनू, बाबामोहतरा, जेवरा और बी.पी.आर.सी. भवन (जिला पंचायत के बाजू) के जनपद पंचायत बेमेतरा के सभाकक्ष में मतदान केंद्रों की सूची और पंच-सरपंच पदों हेतु आरक्षण की जानकारी का प्रकाशन कर दिया गया है। इसी के साथ ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। जनपद सदस्य पद हेतु जनपद पंचायत बेमेतरा के कार्यालय में विशेष नाम निर्देशन कक्ष की व्यवस्था की गई है, जहाँ रिटर्निंग अधिकारी दिव्या पोटाई द्वारा मतदान केंद्रों की सूची और 23 निर्वाचन क्षेत्रों में जनपद सदस्य पदों के आरक्षण की सूची का प्रकाशन किया गया। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी यहां से शुरू हो गई है।

आज पहले दिन, जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 03 सुखाताल (अनुसूचित जाति महिला) से 01 नामांकन पत्र प्राप्त हुआ, जबकि निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 23 केवांछी (अनारक्षित मुक्त) से भी 01 नामांकन पत्र जमा किया गया। कुल मिलाकर, आज 02 जनपद सदस्य पद हेतु नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए।

सरपंच पद हेतु छिरहा सेक्टर में ग्राम पंचायत मोढे और जेवरा सेक्टर में ग्राम पंचायत मटका से 01-01 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार, विभिन्न ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच पद हेतु कुल 38 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। पंच, सरपंच और जनपद सदस्य पदों हेतु नाम निर्देशन के साथ संबंधित निक्षेप राशि क्रमशः 50 रुपये, 1000 रुपये और 2000 रुपये निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला उम्मीदवारों के लिए यह राशि आधी होगी।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 03 फरवरी 2025 है, जबकि नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 04 फरवरी 2025 को प्रातः 10:30 बजे जनपद पंचायत के सभाकक्ष में होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है, जिसके बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी और प्रतीक चिन्हों का आबंटन किया जाएगा। बेमेतरा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन हेतु निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है, जिसमें स्थानीय अधिकारियों द्वारा पूरी सावधानी और पारदर्शिता बरती जा रही है।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments