परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : नगरीय निकाय चुनाव जोरों पर है और कांग्रेस व बीजेपी दोनों ही पार्टियां अपने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जोर शोर से प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत छुरा में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव नगर पंचायत छुरा पहुंचे। जहां कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिसके बाद वे राजमहल के नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी महेश्वरी शाह से मुलाकात की। तत्पश्चात वे नगर पंचायत छुरा में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ वार्डों में भ्रमण कर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने हेतु अपील की।
साथ ही रैली के माध्यम से हर मुहल्ले व घर तक पहुंच कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील भी लगातार की जा रही है वहीं भाजपा अध्यक्ष के पिछले पांच सालों की कमजोरियां भी गिना रहे हैं व कांग्रेस के अध्यक्ष नगर में बनने के बाद आम जनता के लिए जो भी घोषणाएं हैं उसे भी जनता के बीच गिना रहे हैं। इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव के साथ कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या कार्यकर्ता व ग्रामीणजन मौजूद रहे।