बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बेमेतरा जिले में पहली बार नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना का कार्य पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों के हाथों में होगा। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा द्वारा इस ऐतिहासिक पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समस्त नगरीय निकाय मे 156 महिला गणना पर्यवेक्षक और 156 महिला गणना सहायकों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा, "यह पहल महिलाओं को नई जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर प्रदान करेगी और उन्हें प्रशासनिक कार्यों में भागीदार बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे न केवल नगर निकाय चुनावों की साख और मजबूत होगी, बल्कि समाज में महिलाओं की भागीदारी को भी एक नई ऊंचाई मिलेगी।"
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वार्ड के लिए गणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, महिला कर्मचारियों को सहयोग देने के लिए पुरुष सहायक कर्मियों की तैनाती भी की गई है। मतगणना स्थल पर महिला कर्मचारियों द्वारा कार्य करना एक प्रेरणादायक पहल है, जिससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस अनोखी पहल को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और सभी को उम्मीद है कि यह मतगणना न केवल निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, बल्कि भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी एक मिसाल साबित होगी।
Comments