अंबिकापुर : कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी और जिला पंचायत अध्यक्ष को मंदिर में पूजा करने से रोकने और अपमानित कर बाहर निकालने का आरोप लगा है। जब पुलिस ने FIR नहीं लिखी, तो शुक्रवार को सरगुजा कांग्रेस और सर्व आदिवासी समाज ने ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में आजाक थाने का घेराव कर दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि, भाजपा ही नहीं पूरी सरकार आदिवासियों के साथ न्याय नहीं कर रही है। दबाव में शिकायत के बाद भी पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है। कांग्रेस ने प्रदर्शन का अल्टीमेटम पहले ही दे दिया था। इसलिए पुलिस बल तैनात थी, लेकिन उन्हें हटाते हुए कांग्रेसी थाने के सामने पहुंच गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि, शिकायत में आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर था, लेकिन अब पूरी सरकार पर आरोप है कि, प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बाद भी आदिवासियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पुलिस दबाव में FIR दर्ज नहीं कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अपने झंडे-पोस्टर भी नहीं लगा पा रहे हैं। वे डरे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को जल्द मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, तो उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया। जांच अधिकारी मानक राम कश्यप ने कहा कि, मामला जांच में है।
जिला पंचायत क्रमांक-1 में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सरिता पैकरा के साथ सरगुजा जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु सिंह और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार शाम चुनाव प्रचार करने के लिए अजिरमा गए थे। शिकायत में आरोप लगाया है कि, वल्लभ राधा कृष्ण मंदिर में वे पूजा करने गए, तो वहां भाजपा का कार्यक्रम आयोजित होना बताकर उन्हें प्रवेश करने से रोक दिया गया। आदिवासी बताकर पूजा भी नहीं करने दिया गया। यह अपमानजनक व्यवहार है।
कांग्रेस ने आजाक थाने में शिकायत की तो बुधवार को दिनभर भाजपा की कोई प्रतिक्रया सामने नहीं आई। कांग्रेस ने आंदोलन का अल्टीमेटम जारी किया, तो बुधवार रात भाजपा के सह प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, भाजपा का इस कार्यक्रम से कोई लेना देना नहीं है। किसी जनपद सदस्य के प्रत्याशी ने उस मंदिर में कार्यक्रम रखा था। अंबिकापुर जिला पंचायत क्षेत्र में दो दिन बाद त्रिस्तरीय पंचायत की वोटिंग होनी है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 अनारक्षित महिला वर्ग की सीट आरक्षित हुई है। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की धर्मपत्नी दिव्या सिसोदिया का मुकाबला कांग्रेस समर्थित सरिता पैकरा से है। मंदिर में हुए विवाद को कांग्रेस ने मुद्दा भी बना दिया है।
Comments