उत्तराखंड : उत्तराखंड के चमोली में भीषण हिमस्खलन में 57 मजदूर दब गए। जिस इलाके में हिमस्खलन हुआ वहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। चमोली के माना स्थित बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन के कैंप के पास यह हिस्खलन की घटना हुई है। 10 मजदूरों को बचा लिया गया है। मौके पर राहत और बचाव दल को भेजने की कोशिश जारी है। भारी बर्फबारी के चलते राहत और बचाव कार्य शुरू करने में परेशानी आ रही है।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि बार्डर इलाके माणा में सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप के पास भीषण हिमस्खलन हुआ है। इस हिमस्खल की चपेट में आकर 57 मजदूर फंस गए। इनमें से 10 मजदूरों को बचा लिया गया है। हालत गंभीर होने के चलते इन्हें माणा के पास आर्मी के कैंप में भेज दिया गया है। इस बीच, BRO(सीमा सड़क संगठन) के अधिशासी अभियंता CR मीना ने बताया कि मौके पर 57 मजदूर मौजूद हैं। तीन से चार एंबुलेंस भी भेजी गई हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने बताया कि चमोली जिले में माना गांव से आगे ग्लेशियर फटने से 57 मजदूर फंसे हुए हैं। मौसम खराब होने की वजह से फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरू नहीं हो पाया है। इलाके में लगातार बर्फबारी हो रही है। जहां पर ग्लेशियर फटा है वह ऐसा इलाका है जो नो नेटवर्क जोन है। सेटेलाइट फोन भी वहां पर काम नहीं कर रहे हैं।
Comments