होली का पर्व भारत सहित पूरी दुनिया में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न देशों से रंगों से सराबोर उत्सव के वीडियो सामने आ रहे हैं। इसी बीच, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह होली के रंगों में डूबे नजर आ रहे हैं और इस उत्सव का आनंद ले रहे हैं।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पारंपरिक अंदाज में लोगों की भीड़ के साथ होली खेलते नजर आ रहे हैं। यह आयोजन न्यूजीलैंड के इस्कॉन मंदिर में हुआ, जहां गुरुवार, 13 मार्च को होली समारोह मनाया गया। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री लक्सन भी शामिल हुए और रंगों के त्योहार का आनंद लिया।
शंखध्वनि के साथ होली का आनंद
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस्कॉन मंदिर में होली के जश्न में हिस्सा लिया, जहां भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। वीडियो में वह रंग उड़ाते और उत्सव का आनंद लेते नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे पर रंग डालकर होली की मस्ती में डूबे, जबकि बैकग्राउंड में शंखध्वनि गूंजती रही। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गले में फूलों की माला और कंधे पर देसी अंदाज में 'हैप्पी होली' लिखा हुआ गमछा पहना हुआ था, जिससे उनका उत्साह झलक रहा था।
बड़ी संख्या में है भारतीय समुदाय
न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय की बड़ी उपस्थिति के चलते होली का त्योहार हर साल धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार का उत्सव और भी खास हो गया जब खुद प्रधानमंत्री ने इसमें शिरकत की और भारतीय समुदाय के साथ मिलकर रंगों की खुशियां बांटी। हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में संगीत, नृत्य और रंगों की बौछार ने पूरे माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।
वैश्विक स्तर पर भारतीय त्योहारों की धूम
होली और दीपावली, जो भारत के प्रमुख रंगों और रोशनी के त्योहार हैं, अब वैश्विक स्तर पर भी धूमधाम से मनाए जाते हैं। अमेरिका, कनाडा, मॉरिशस, फिजी, गुयाना, नेपाल और न्यूजीलैंड सहित उन सभी देशों में जहां भारतीय समुदाय मौजूद है, इन त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा, इस्कॉन संस्था से जुड़े लोग भी भारतीय संस्कृति को अपना रहे हैं, और इस्कॉन के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंदिरों में होली के विशेष आयोजन किए जाते हैं।
Comments