बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बीते दिवस छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा जिला न्यायालय कबीरधाम (कवर्धा) एवं बेमेतरा का निरीक्षण किया गया। उनके साथ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल मनीष कुमार ठाकुर, संयुक्त रजिस्ट्रार सह पीपीएस एम.वी.एल.एन. सुब्रहमण्यम, प्रोटोकॉल अधिकारी आर.एस. नेगी तथा दोनों जिलों के न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - हम आपके हैं कौन बनते
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने बेमेतरा जिला न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को न्यायालय भवन की नियमित साफ-सफाई, समुचित रखरखाव और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में उपस्थित अधिवक्ताओं द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया, साथ ही अधिवक्ताओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य न्यायाधीश ने पूर्व निरीक्षण के समय चिन्हित की गई समस्याओं के समाधान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक कमियों को दूर करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए हैं। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का भी निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। मुख्य न्यायाधीश सिन्हा प्रदेश के समस्त जिला न्यायालयों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि राज्य की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सके। उनके नेतृत्व में निरंतर हो रहे इन प्रयासों का सकारात्मक असर जिला न्यायालयों की कार्यप्रणाली में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह निरीक्षण न केवल न्यायिक व्यवस्था के सतत सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि न्यायपालिका की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है कि न्यायिक सेवा नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।
ये भी पढ़े : चाईल्ड पोर्नोग्राॅफी के अपराध में जशपुर पुलिस ने हेमंत वर्मा को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Comments