माना में पागल कुत्ते ने 12 लोगों को काटा,पकड़ने में जुड़े प्रशासन के लोग

माना में पागल कुत्ते ने 12 लोगों को काटा,पकड़ने में जुड़े प्रशासन के लोग

रायपुर: राजधानी के माना क्षेत्र में मंगलवार सुबह से देर शाम तक एक पागल कुत्ते ने 12 से अधिक लोगों को काटा। कुत्ते ने 11 वर्ष के बच्चे से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्ग तक को अपना शिकार बनाया। मामले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत माना की दो टीमें सुबह से कुत्ते को पकड़ने में जुटी रहीं, लेकिन देर रात तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई।

नगर पंचायत माना कैंप के उपाध्यक्ष के. याबू ने बताया कि कुत्ता अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को काट रहा है। भूरे रंग का यह कुत्ता वार्ड क्रमांक-1 आटा चक्की के पास, पुष्प वाटिका, वार्ड क्रमांक-12 पीएल होम क्रमांक-3 सहित अन्य स्थानों पर लोगों को काट चुका है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - हम आपके हैं कौन बनते

दोपहर से शाम तक अस्पताल पहुंचे लोग

कुत्ते के शिकार लोग दोपहर 2:45 बजे से शाम 7:45 बजे तक रेबीज का इंजेक्शन लगवाने माना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते रहे। वहीं कुछ लोगों को स्वास्थ्य केंद्र द्वारा मेकाहारा भी रेफर किया गया।

सुबह से मचा रहा आतंक

कुत्ता मंगलवार सुबह से ही लोगों को अपना शिकार बनाने लगा। वह अचानक लोगों पर हमला करता और सीधे काट लेता। क्षेत्र में घूमते-घूमते उसने राहगीरों, घर के बाहर बैठे बुजुर्गों और साइकिल से जा रहे युवकों को भी निशाना बनाया। इससे माना क्षेत्र का माहौल दहशत में बदल गया।

घर के बाहर खड़े यश पर हमला

माना में अपने घर के बाहर खड़े 11 वर्षीय यश बैरागी पर कुत्ते ने पीछे से आकर हमला कर दिया और उसके कुल्हे में काटा। कुत्ता करीब 5 मिनट तक बच्चे को नोचता रहा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बच्चे की मां ने बताया कि बेटा काफी डर गया है। उसे गंभीर चोटें आने के बाद रेबीज के चार इंजेक्शन लगवाए गए हैं।

बाहर से किसी ने एक पागल कुत्ते को हमारे क्षेत्र में छोड़ दिया है, जो लगातार लोगों पर हमला कर रहा है। इसे पकड़ने के लिए दो टीमें लगाई गई हैं, लेकिन वह अलग-अलग जगह जाकर लोगों को काट रहा है। अब तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। - सौरभ बाजपेयी, सीएमओ, नगर पंचायत माना, रायपुर

माना क्षेत्र में एक पागल कुत्ते ने मंगलवार सुबह से लोगों को काटा है। इसके बाद लोग माना स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आए। स्वास्थ्य केंद्र में लगभग 12 लोगों को रेबीज का इंजेक्शन लगाने के साथ उनका उपचार किया गया है। - डॉ. आशीष मेश्राम, स्वास्थ्य केंद्र, माना







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments