दंतेवाड़ा किरंदुल: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण किरंदुल नगर एक बार फिर जलमग्न हो गया है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने मटन मार्केट, वार्ड क्रमांक 8 और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। बंगाली कैंप और सीएससी सेंटर के पास भी नालों में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया था, लेकिन किसी तरह पानी की निकासी संभव हो पाई।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - हम आपके हैं कौन बनते
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी का दावा किया था, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। खासकर वार्ड क्रमांक 8 के निवासियों में अपने पार्षद की अनुपस्थिति को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करने वाले पार्षद अब संकट की इस घड़ी में कहीं नजर नहीं आ रहे।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम, एसडीएम, नगर पालिका के मुख्य अधिकारी शशि भूषण महापात्र, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी और पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सहित कुछ पार्षद मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात की और जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।हालांकि, किरंदुल की जनता अब यह सवाल उठा रही है कि क्या उन्हें हर बारिश में ऐसी ही मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा, या प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा। इस सवाल का जवाब आने वाला समय ही देगा।



Comments