लेंजवारा से मिला महिलाओं को नया सशक्तिकरण मंच, जिले मे हुआ महतारी सदनों का लोकार्पण

लेंजवारा से मिला महिलाओं को नया सशक्तिकरण मंच, जिले मे हुआ महतारी सदनों का लोकार्पण

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  जिला बेमेतरा के विकासखण्ड बेरला के ग्राम लेंजवारा में मंगलवार को राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महतारी सदन लेंजवारा में दोपहर 11 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला धमतरी से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर छत्तीसगढ़ के कुल 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। इनमें बेमेतरा जिले के 9 स्वीकृत महतारी सदनों में से 7 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश की लगभग दो लाख स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कार्यक्रम की साक्षी बनीं।

पूजा-अर्चना और फीता काटकर लोकार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक  दीपेश साहू ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की। इसके पश्चात उन्होंने भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया और औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की। लोकार्पण उपरांत वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और नागरिकों ने महतारी सदन भवन का अवलोकन किया और इसकी व्यवस्थाओं को देखा। उपस्थित ग्रामीणों ने इस नए भवन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए खुशी और उत्साह व्यक्त किया।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - मोर संग चलव रे ,मोर संग चलव गा

विधायक दीपेश साहू बोले– रोजगार, सुरक्षा और योजनाओं से सीधे जुड़ेंगी महिलाएँ
कार्यक्रम में विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि महतारी सदन महिलाओं की प्रगति और आत्मनिर्भरता का नया द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ समाज की हर गतिविधि में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और महतारी सदन उनके लिए एक सुरक्षित एवं सहयोगी मंच सिद्ध होगा। यहाँ महिलाओं को सिलाई, बुनाई, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प जैसे प्रशिक्षण मिलेंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनकर परिवार और समाज की रीढ़ बनेंगी। विधायक ने कहा कि महतारी सदनों के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाएँ ऋण सुविधा, उत्पादन का विपणन और राज्य स्तर तक बाजार से सीधा जुड़ाव प्राप्त कर सकेंगी। यह स्थान केवल आर्थिक लाभ का ही केंद्र नहीं होगा, बल्कि सामाजिक रूप से भी महिलाओं को सशक्त करेगा। घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या अन्य सामाजिक समस्याओं पर परामर्श और कानूनी मदद भी यहीं उपलब्ध होगी।उन्होंने कहा कि महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे प्राप्त होगी। इससे बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, कुपोषण कम होगा और ग्रामीण स्तर पर महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा। श्री साहू ने विश्वास जताया कि महतारी सदन पंचसूत्र पर आधारित होकर महिला स्व-सहायता समूहों को नई ऊर्जा और शक्ति प्रदान करेगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस सदन का उपयोग केवल लाभ लेने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज में बदलाव की दिशा में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए भी करें।
                           
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा– महतारी सदन बनेगा महिलाओं की प्रगति और आत्मनिर्भरता का केन्द्र
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बेमेतरा जिले को कुल 9 महतारी सदन स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 7 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। महतारी सदन को देखकर प्रसन्नता होती है, क्योंकि यह उसी तरह का अवसर है जैसे कोई व्यक्ति अपने घर का उद्घाटन करता है, वैसे ही आज हम महिलाओं के लिए समर्पित इस सदन का लोकार्पण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी परिकल्पना पुराने समय के गर्ल्स कॉमन रूम से ली गई है, जहाँ छात्राओं को सुरक्षित स्थान मिलता था। उसी तरह अब महिलाओं के लिए सुरक्षित महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि इन सदनों के माध्यम से महिलाओं को शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध होगी और वे विभिन्न योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ ले सकेंगी। यहाँ महिलाएँ एकत्र होकर अपने आर्थिक संबल को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। श्री शर्मा ने कहा कि महतारी सदन पंचसूत्र— बचत, नियमित बैठक, समय पर ऋण वापसी, समूह का आंतरिक ऋण और महिला नेतृत्व—का पालन करते हुए ग्रामीण समाज में महिला सशक्तिकरण का सशक्त केंद्र साबित होंगे।

ये भी पढ़े : मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 41 वाहन चालक पर की गई कार्यवाही

मुख्यमंत्री और बेमेतरा कि ग्रामीण महिला के बीच सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने धमतरी मे आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत लेंजवारा में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम देवरबीजा की स्व-सहायता समूह की महिला पुष्पा साहू से सीधा संवाद किया। इस दौरान पुष्पा साहू ने महतारी सदन के बनने से होने वाले लाभों के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। उन्होंने साझा किया कि इस सदन के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और आर्थिक अवसर प्राप्त होंगे और वे अपने परिवार और समुदाय के लिए आत्मनिर्भर बन सकेंगी। मुख्यमंत्री ने पुष्पा साहू के विचारों की सराहना करते हुए महतारी सदन की स्थापना पर बधाई दी और कहा कि यह पहल पूरे जिले की महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इस संवाद ने कार्यक्रम को और जीवंत और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बना दिया।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, मुख्य कार्यापालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता मंडावी, जनपद अध्यक्ष माधुरी रवि परगनिया, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, सरपंच डिगेश्वरी साहू, एडीएम डॉ.अनिल वाजपई, जनपद सीईओ, कार्यकर्ता एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्व से ही पूरी कर ली गई थीं, जिससे कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

महिलाओं को मिलेगा सशक्तिकरण, रोजगार और सुरक्षा का मंच
महतारी सदनों की स्थापना से महिलाओं को सिलाई, बुनाई, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प जैसे कार्यों का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। स्व-सहायता समूह की महिलाएँ यहाँ से ऋण सुविधा, बाजार से संपर्क और अपने उत्पादों की बिक्री के अवसर प्राप्त कर सकेंगी। साथ ही यह सदन सामाजिक दृष्टि से भी एक सुरक्षित मंच साबित होंगे, जहाँ महिलाएँ घरेलू हिंसा, उत्पीड़न जैसी समस्याओं पर परामर्श और कानूनी मदद ले सकेंगी। महतारी सदनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे कुपोषण कम करने, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने और शासन की योजनाओं से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित होगा। कुल मिलाकर, महतारी सदन आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक सहयोग का केन्द्र बनकर महिलाओं को नई दिशा देंगे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments