शारदीय नवरात्रि में करें माता के इन मंदिरों का दर्शन,दूर होंगे सभी कष्ट

शारदीय नवरात्रि में करें माता के इन मंदिरों का दर्शन,दूर होंगे सभी कष्ट

नई दिल्ली :  शारदीय नवरात्र का पावन पर्व 22 सितंबर, दिन सोमवार यानी आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। अगर आप इस शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा के आशीर्वाद से अपने सभी कष्टों को दूर करना चाहते हैं, तो आप इन पावन और प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं -

शैलपुत्री मंदिर

नवदुर्गा का पहला स्वरूप, मां शैलपुत्री हैं, जिन्हें हिमालय राज की पुत्री माना जाता है। देवी का एक भव्य मंदिर काशी में वरुणा नदी के पास स्थित है। यहां नवरात्र के दौरान देश भर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। वहीं, कश्मीर में झेलम नदी के किनारे बारामूला में भी देवी का एक दिव्य मंदिर विराजमान है, जो खीर भवानी की नौ बहनों में से एक माना जाता है। इस मंदिर में केवल कुंवारी कन्याएं ही पूजा, भोग और सेवा का काम करती हैं।

'ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - मोर संग चलव रे ,मोर संग चलव गा

ब्रह्मचारिणी मंदिर

नवदुर्गा का दूसरा स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी हैं। माता का मंदिर वाराणसी में कर्णघंटा क्षेत्र में है, जो गंगा नदी के बालाजी घाट के पास है। ऐसी मान्यता है कि यहां देवी के दर्शन करने से मन की सभी इच्छाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि की कमी नहीं होती है।

चंद्रघंटा मंदिर

नवरात्र का तीसरा दिन मां चंद्रघंटा को समर्पित है, जिनके मस्तक पर चंद्रमा सुशोभित है। माता रानी के ऐसे कई धाम हैं, जहां दर्शन के लिए जाते हैं। तमिलनाडु के कांचीपुरम देवी की चंद्रघंटा स्वरूप की पूजा होती है। इसके अलावा प्रयागराज और वाराणसी में भी देवी चंद्रघंटा के मंदिर हैं, जहां नवरात्र के समय भक्तों की भारी भीड़ रहती है।

कूष्मांडा मंदिर

नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा का विधान है। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में देवी का एक प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर में देवी की पिंडी स्वरूप में दो मुख हैं, जिनसे हमेशा पानी निकलता रहता है। साधक इस पवित्र जल की प्रसाद की तरह ग्रहण करते हैं।

स्कंदमाता मंदिर

स्कंदमाता का स्वरूप बहुत ही निर्मल है। वाराणसी के जगतपुरा क्षेत्र में बागेश्वरी देवी मंदिर परिसर में स्कंदमाता का एक मंदिर है, जहां माता के गोद में भगवान कार्तिकेय बालक स्वरूप में बैठे हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के विदिशा और तमिलनाडु के सेलम के पास भी माता के इस स्वरूप की पूजा होती है और उनके प्रसिद्ध मंदिर भी हैं।

कात्यायनी मंदिर

मां कात्यायनी का एक प्रसिद्ध मंदिर वृंदावन में है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवी ने महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर उनकी पुत्री के रूप में जन्म लिया था। ऐसा कहते हैं कि देवी के इस स्वरूप की पूजा राधा रानी ने भगवान श्रीकृष्ण को पति के रूप में पाने के लिए की थी।

कालरात्रि मंदिर

नवदुर्गा का सातवां स्वरूप मां कालरात्रि हैं। मां का स्वरूप बेहद रौद्र है लेकिन उनका हृदय बहुत ही सरल है। वाराणसी में दशाश्वमेध मार्ग पर और बिहार के सोनपुर में नयागांव डुमरी में देवी के प्रसिद्ध मंदिर हैं। जहां नवरात्र के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। कहते हैं कि देवी की इस स्वरूप की पूजा से शत्रुओं का नाश होता है।

ये भी पढ़े : जानिए कब है विनायक चतुर्थी? जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

महागौरी मंदिर

मां दुर्गा का आठवां स्वरूप मां महागौरी का हैं, जो बेहद शांत हैं। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के पास अन्नपूर्णा देवी मंदिर में स्थापित विग्रह को महागौरी का रूप माना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तपस्या के बाद जब देवी पार्वती का रंग काला पड़ गया था, तब भोलेनाथ ने गंगाजल की पवित्र धारा से देवी को फिर से गौर वर्ण प्रदान किया था।

सिद्धिदात्री मंदिर

नवरात्र के नौवें यानी अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा होती है। देवी को सभी सिद्धियों की अधिष्ठात्री माना जाता है। माता का एक प्रसिद्ध मंदिर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में है। यहां भक्तों की दर्शन के लिए लंबी कतार लगती है। वहीं, वाराणसी में भी मां का एक मंदिर है, जहां देवी की प्रतिमा कृष्ण वर्ण की है। माना जाता है कि देवी के इस स्वरूप की पूजा से सभी कष्टों का अंत होता है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments