नई दिल्ली : वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार का बचाव करते हुए लोकतंत्र पर हमले के राहुल गांधी के आरोप का जवाब दिया और कहा कि वह सत्ता पाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।
राहुल गांधी के आरोप का जवाब दिया
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत की प्रगति के बारे में गलत बातें कहने का भी आरोप लगाया।
प्रसाद ने कहा-राहुल गांधी विदेश में हैं। अच्छा होता अगर वह शुभकामनाएं देते। लेकिन वह भारत पर ही हमला कर रहे हैं। वह निराधार बातें करते हैं। वह कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र नहीं है। भारत में पूर्ण लोकतंत्र है। लेकिन, राहुल गांधी की समस्या यह है कि वह सत्ता चाहते हैं।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - वक्त था निखरने का, ईमानदारी बिखर गई
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र नहीं
कोलंबिया में राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र नहीं है और लोगों को बोलने की आजादी नहीं है। राहुल गांधी सबसे ज्यादा पीएम मोदी और देश की प्रगति का अनादर करते हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि अगर राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत का अपमान करते रहेंगे, तो जनता उन्हें वोट नहीं देगी।
जब कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत कभी भी वैश्विक शक्ति नहीं बन सकता, तो इससे यह साफ हो गया कि उनका झुकाव चीन की तरफ है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। वह कभी भी भारत का अपमान करने का मौका नहीं छोड़ते। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
प्रेट्र के अनुसार, राहुल गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि आप सत्ता से बाहर हो गए। देशभक्ति मत खोइए। भाजपा की आलोचना करना आपका अधिकार हो सकता है, लेकिन अपनी घटिया और तुच्छ राजनीति के लिए भारत माता को बदनाम करने की हिम्मत कैसे हुई?
Comments