रायपुर पुलिस ने वर्ष 2025 के अपराध से जुड़े आंकड़े जारी किए,पढ़ें

रायपुर पुलिस ने वर्ष 2025 के अपराध से जुड़े आंकड़े जारी किए,पढ़ें

रायपुर : रायपुर पुलिस ने वर्ष 2025 के अपराध से जुड़े आंकड़े जारी किए हैं, जिनसे यह संकेत मिलता है कि शहर में कुल आपराधिक मामलों में पिछले साल की तुलना में कमी दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि सख्त कार्रवाई और लगातार अभियान का असर गंभीर अपराधों और नशे के नेटवर्क पर साफ दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वर्ष 2025 के दौरान दर्ज अपराधों की संख्या में 2024 की तुलना में गिरावट आई है। रायपुर पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच जिले के सभी थानों में कुल 15 हजार 885 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 17 हजार 703 थी। हत्या के मामलों की बात करें तो वर्ष 2025 में कुल 90 प्रकरण दर्ज किए गए।

इनमें से 85 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया। डकैती के मामलों में भी कमी दर्ज की गई। पूरे वर्ष में केवल 7 डकैती के मामले सामने आए, जिनमें से 6 मामलों में 43 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। लूट के मामलों में मामूली गिरावट देखी गई है। वर्ष 2025 में लूट के 71 मामले दर्ज हुए, जबकि 2024 में यह संख्या 73 थी। इस तरह लूट की घटनाओं में करीब 2.74 प्रतिशत की कमी आई है। चोरी के मामलों में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2024 में चोरी के 1497 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 1442 रह गई। वहीं धोखाधड़ी के मामलों में इस साल 292 प्रकरण सामने आए।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

नशे के कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने वर्ष 2025 में बड़ा अभियान चलाया। नारकोटिक एक्ट के तहत 271 मामलों में कार्रवाई करते हुए 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अलावा नाइजीरिया के दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

इसके अलावा वर्ष 2025 में गुंडा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जिला दंडाधिकारी के समक्ष कुल 33 प्रतिवेदन पेश किए गए, जिनमें से 5 गुंडा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ जिला बदर के आदेश जारी किए गए। रायपुर पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी सघन निगरानी, सख्त कार्रवाई और विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments