बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर बेमेतरा प्रतिष्ठा ममगई एवं मुख्य कार्यक्रम अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती प्रेमलता पद्माकर के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले में प्रोजेक्ट उन्नति के अंतर्गत मनरेगा में चिन्हित श्रमिकों के लिए आयोजित 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकासखंड बेरला के विभिन्न ग्रामों से चयनित ऐसे 25 ग्रामीण श्रमिकों के लिए आयोजित किया गया, जिन्होंने विगत वित्तीय वर्ष में महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत न्यूनतम 60 दिवस कार्य किया था। प्रशिक्षण अवधि 06 दिसंबर 2025 से 04 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई थी।
प्रशिक्षण हेतु इच्छुक एवं पात्र परिवारों का चयन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री अरविंद कश्यप द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से किया गया। चयनित हितग्राहियों को न केवल राजमिस्त्री कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, बल्कि उन्हें स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की भी जानकारी प्रदान की गई। 30 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कार्य के साथ-साथ बैंकिंग प्रक्रियाएं, ऋण व्यवस्था, सफल उद्यमिता, समय प्रबंधन, बिजनेस प्लान तैयार करना एवं स्वरोजगार के अवसरों पर संक्षिप्त लेकिन उपयोगी जानकारी दी गई, जिससे वे प्रशिक्षण उपरांत आत्मनिर्भर बन सकें।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बेमेतरा के मुख्य शाखा प्रबंधक की गरिमामय उपस्थिति में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बेमेतरा के निदेशक श्री कृष्णा चौधरी ने जानकारी दी कि यह संस्थान अप्रैल माह से जिले में संचालित हो रहा है तथा बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा जिले में 65 से अधिक प्रकार के स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा सकते हैं, जिनमें ब्यूटीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिशियन, सिलाई, कृत्रिम ज्वेलरी निर्माण सहित अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण शामिल हैं।
प्रशिक्षण संस्थान के संकाय सहायक श्री प्रतीक साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री के सबके लिए आवास के संकल्प को साकार करने में प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जितनी दक्षता और तेजी से ये प्रशिक्षित श्रमिक आवास निर्माण कार्य पूर्ण करेंगे, उतनी ही शीघ्रता से आवास योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगा। प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों विजय, श्यामा चरण, ओमप्रकाश, बलराम सहित अन्य प्रतिभागियों ने संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई, जिससे उनका भविष्य बेहतर होगा। समापन कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन परीक्षा नेशनल एकेडमी ऑफ रूडसेटी, बैंगलोर द्वारा आयोजित की गई, जिसमें सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments