दंतेवाड़ा :दंतेवाड़ा जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में मंगलवार संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के समस्त विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति,विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर देवेश ध्रुव ने मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं आम जनता की अपेक्षाओं से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी होती हैं,अतः इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने मानव अधिकार आयोग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
इसके साथ ही माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की हस्ताक्षरित जानकारी समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि न्यायालयीन कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। बैठक में जिले में संचालित मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। साथ ही आम नागरिकों से जुड़े सामाजिक विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान आवारा मवेशियों एवं आवारा कुत्तों की समस्या तथा मुक्तिधाम से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त कोटपा अधिनियम के अंतर्गत जिले में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।कलेक्टर ध्रुव ने सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू नियंत्रण कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा,अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित अन्य विभाग के विभागीय प्रमुख उपस्थित थे।



Comments