गरियाबंद : देवभोग विकासखंड के ग्राम उरमाल में ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस कार्यक्रम के मामले में आखिरकार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। नियमों के विपरीत आयोजन की अनुमति देने और स्वयं कार्यक्रम में मौजूद रहने के आरोप में मैनपुर एसडीएम तुलसीदास मरकाम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कमिश्नर महादेव कांवरे ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।
जानकारी के अनुसार, देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम उरमाल में छह दिवसीय ओपेरा आयोजन की अनुमति मनोरंजन के नाम पर दी गई थी। आयोजन गांव के कुछ युवकों की समिति द्वारा कराया जा रहा था। लेकिन आयोजन के तीसरे दिन 7 जनवरी से मंच पर खुलेआम अश्लील नृत्य शुरू हो गया। आयोजकों ने भीड़ जुटाने के लिए ‘ओडिशा की सनी लियोनी’ बताकर एक डांसर का प्रचार किया और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए।
8 जनवरी से कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने लगी। हालात तब और बिगड़ गए जब 9 जनवरी को स्वयं एसडीएम तुलसीदास मरकाम आयोजन स्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके लिए आगे की सीट आरक्षित थी। रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक मंच पर अर्धनग्न अवस्था में डांसरों द्वारा अश्लील नृत्य चलता रहा। पंडाल में मौजूद अफसरों, पुलिसकर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच जमकर पैसे उड़ाए गए और माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
10 जनवरी को पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया। हालांकि शुरुआत में आयोजन की अनुमति देने वाले एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने चुप्पी साधे रखी।
मामला मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा। जांच दल गठित किया गया और रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। इसके बाद कमिश्नर ने एसडीएम तुलसीदास मरकाम को निलंबित कर दिया। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को व्यवस्था की साख बचाने और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments