खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के प्रचार-प्रसार को लेकर नगर में निकली रैली, शुभंकर मोर वीर का हुआ जोरदार अभिनंदन

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के प्रचार-प्रसार को लेकर नगर में निकली रैली, शुभंकर मोर वीर का हुआ जोरदार अभिनंदन

बेमेतरा 18 जनवरी 2026:- भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रथम संस्करण का आयोजन आगामी 14 फरवरी 2026 से किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इन खेलों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मशाल गौरव यात्रा प्रारंभ की गई है, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है। इसी क्रम में 18 जनवरी को मशाल गौरव यात्रा का रथ बेमेतरा जिला पहुँचा, जहाँ उसका बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत किया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ स्वागत, छात्राओं ने मोहा मन
मशाल गौरव यात्रा सर्वप्रथम कलेक्ट्रेट परिसर पहुँची, जहाँ जिला खेल अधिकारी सुश्री पिंकी मनहर सहित अन्य अधिकारियों ने रथ एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोर वीर’ का स्वागत किया। स्वागत अवसर को और भी यादगार बनाते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा संघ के सचिव एवं प्रशिक्षक श्री अजय वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा भी शुभंकर मोर वीर का अभिनंदन किया गया।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

नगर में निकली रैली, सिग्नल चौक पर आतिशबाजी से स्वागत
मशाल गौरव यात्रा रथ एवं शुभंकर मोर वीर के साथ बच्चों द्वारा रैली भी निकाली गई। रथ यात्रा बेमेतरा नगर में भ्रमण करते हुए सिग्नल चौक पहुँची, जहाँ आतिशबाजी के साथ रथ का भव्य स्वागत किया गया। यहाँ पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी मोर वीर का स्वागत कर खेलों के प्रति अपना उत्साह प्रकट किया।

स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में हुआ सम्मान समारोह
रथ यात्रा इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कांटेली पहुँची, जहाँ नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, प्रदेश संयोजक किसान मोर्चा श्री हर्षवर्धन तिवारी एवं पार्षद श्री गौरव साहू ने शुभंकर मोर वीर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने मेडल एवं मोमेंटो भेंट कर मोर वीर का सम्मान किया।

राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स का स्वागत बेमेतरा के लिए गौरव: विजय सिन्हा
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ट्राइबल गेम्स के शुभंकर का बेमेतरा आगमन जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफलता हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कलेक्टर ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं
मशाल गौरव यात्रा के बेमेतरा आगमन पर जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले के युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल से जुड़े सभी व्यक्तियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। साथ ही छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन की कामना की।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments