रायपुर : पुलिस कमिश्नरेट रायपुर (मध्य जोन) में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पैदल पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए गए इस विशेष अभियान में मध्य जोन के आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील इलाकों में सघन कार्रवाई की गई।
यह विजिबल पुलिसिंग अभियान पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत संचालित किया गया, जिसका नेतृत्व एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने किया। अभियान के दौरान एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू, एसीपी सिटी कोतवाली दीपक मिश्रा, थाना प्रभारी तेलीबांधा, सिविल लाइन सहित करीब 35 अधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस टीम ने देवार पारा, तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी, श्याम नगर, मरीन ड्राइव समेत अन्य इलाकों में पैदल मार्च कर चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध क्षेत्रों से अवैध मादक पदार्थ गांजा और शराब की बोतलें सहित बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद की गई।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को यातायात बाधित न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अड्डेबाजों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई, वहीं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को थाने भेजा गया।
इसके अलावा शराब भट्टियों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई और चाकूबाजी करने वालों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। दुकानों के बाहर अव्यवस्थित रूप से रखे गए सामान को हटवाकर व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
बीएसयूपी कॉलोनी तेलीबांधा में संदिग्ध व्यक्तियों एवं दोपहिया वाहनों की चेकिंग की गई और श्याम नगर एवं मरीन ड्राइव क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग कर अड्डेबाजी रोकने की कार्रवाई की गई। मरीन ड्राइव क्षेत्र में अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु समझाइश दी गई। साथ ही तेलीबांधा, सिविल लाइन एवं देवेंद्र नगर क्षेत्र की शराब भट्टियों की जांच कर देर रात तक मोबाइल चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
वहीं, एसीपी कोतवाली डिवीजन के नेतृत्व में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम द्वारा सप्रे मैदान, इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब, कैलाशपुरी, भोले पान ठेला, गैराज चौक, मौदहापारा, प्रभात टॉकीज के पीछे चुना भट्टी, पुराना बस स्टैंड एवं गोल बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में गली-नुक्कड़ों में छिपकर नशा करने वालों एवं अड्डेबाजी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान निगरानी बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई और थाना कोतवाली क्षेत्र के फरार निगरानी वारंटी हरीश तांडी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत इस प्रकार के समन्वित अभियानों का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, नशे के अवैध कारोबार पर कठोर नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और मजबूत करना है। भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments