आज की हलचल : राजिम कुंभ कल्प 2026 का आज होगा शुभारंभ,सिरपुर महोत्सव 2026 का होगा आगाज,पढ़े और भी ख़बरें

आज की हलचल : राजिम कुंभ कल्प 2026 का आज होगा शुभारंभ,सिरपुर महोत्सव 2026 का होगा आगाज,पढ़े और भी ख़बरें

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर, बलौदाबाजार और महासमुंद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 10.45 को मुख्यमंत्री निवास से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना होंगे. इसके बाद सीएम सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में केंद्रीय बजट पर मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण को सुनेंगे. पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से दोपहर 1.45 से दामाखेड़ा के लिए रवाना होंगे. बलौदाबाजार के दामाखेड़ा में संत समागम समारोह में शामिल होंगे. दोपहर 3.25 से बलौदाबाजार से रायपुर लौटेंगे. सीएम साय 4.30 बजे सिरपुर में सिरपुर महोत्सव 2026 कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. शाम 7.30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे. 

सिरपुर महोत्सव 2026 का होगा आगाज… 

महासमुंद. छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर नगरी सिरपुर एक बार फिर देश-दुनिया के कलाकारों के स्वागत के लिए तैयार है. आगामी 1 से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस बार महोत्सव में लोक परंपराओं के साथ शास्त्रीय, सूफी और बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.

राजिम कुंभ कल्प 2026 का आज होगा शुभारंभ 

छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के नाम से विख्यात राजिम एक बार फिर धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के त्रिवेणी संगम का साक्षी बनने जा रहा है. माघ पूर्णिमा 1 फरवरी से महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 तक राजिम कुंभ कल्प 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस वर्ष भी कुंभ कल्प का आयोजन नए मेला स्थल चौबेबांधा, राजिम में होगा.

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

आज मैच ड्रॉ करने की कोशिश करेगा छत्तीसगढ़

रायपुर. हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड में चल रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के आखिरी मैच में हैदराबाद की टीम ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 631 रन बनाकर बढ़त हासिल कर ली है. इसके जवाब में राज्य की टीम तीसरे दिन की समाप्ति तक दूसरी पारी में 100 रन बनाकर अभी 248 रन से पीछे है. 1 फरवरी को खेल का आखिरी दिन होगा. ऐसे में छत्तीसगढ़ अपने विकेट बचाकर मैच ड्रॉ करने की कोशिश करेगा. 29 जनवरी को शुरू इस मैच में टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72.3 ओवर में 10 विकेट पर 283 रन बनाया था. मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी के चलते टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. केवल 58 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे. मध्यक्रम के बल्लेबाज प्रतीक यादव 106 और विकल्प तिवारी 94 रन ने पारी को संभालते हुए सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. इसके बाद हैदराबाद ने अपनी पहली पारी में हिमातेजा के 171 रन, प्रग्नय रेड्डी के 126 रन और अभिरथ रेड्डी के 121 रन की बदौलत 600 से अधिक स्कोर कर दिया. गेंदबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की ओर से आदित्य सरवटे, देव आदित्य सिंह, साहबान खान तथा आयुष पांडे ने 2-2 विकेट प्राप्त किये. इस प्रकार पहली पारी में हैदराबाद ने 383 रन की बढ़त हासिल कर ली. खेल के तीसरे दिन शनिवार को छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 39 ओवर में 2 विकेट खोकर 100 रन बना लिये हैं. इसमें अनुज तिवारी नाबाद 47 और अमनदीप खरे 25 रन पर खेल रहे हैं. मैच में आयुष पांडेय 24 और संजीत देसाई बिना कोई रन बनाये मोहम्मद सिराज का शिकार बन गये. इस प्रकार तीसरे दिन की समाप्ति तक छत्तीसगढ़ 248 रन से पीछे चल रहा है.

दीपक बैज ने की केंद्रीय बजट में बस्तर के लिए विशेष पैकेज की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ के लिए मोदी सरकार से पूर्व में घोषित योजनाओं के लिए बजट प्रावधान और नक्सल प्रभावित बस्तर के विकास और पुनर्वास के लिए विशेष पैकेज की मांग की है. उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार ने रायपुर से राजनांदगांव होकर हैदराबाद हाईवे की घोषणा 2022 के बजट में की थी, आज तक सर्वे तक नहीं हुआ. नया रायपुर में एम्स के लिए राज्य सरकार द्वारा 2022 में जमीन अधिग्रहित करके केंद्र सरकार को हैंडओवर कर दिया गया है, लेकिन आज तक एक नया पैसा नए एम्स के लिए जारी नहीं हुआ. रायपुर से बलौदाबाजार होकर सारंगढ़ उड़ीसा रेल लाइन अब तक केवल घोषणाओं से बाहर नहीं आ पाई है, बिलासपुर में वैगन निर्माण कारखाना और जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विस्तार और कार्गो हब को प्रमुखता से शामिल किया जाए.

उन्होंने कहा, एनएमडीसी, एसईसीएल और सीआईएल जैसे नवरत्न कंपनी के कार्यालयों का छत्तीसगढ़ में विस्तार हो, अंधाधुंध निजीकरण बंद हो. छत्तीसगढ़ में संचालित सार्वजनिक उपक्रमों में भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के पात्र युवाओं को प्राथमिकता मिले. अंतरराज्यीय जल बंटवारे में छत्तीसगढ़ की उपेक्षा बंद करें. सिंचाई परियोजनाओं में छत्तीसगढ़ को शामिल करे. राज्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की जर्जर हालत को दुरुस्त करने बजट प्रावधान करे, टोल टैक्स की लूट कम करे.










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments