“राष्ट्रीय पीएनजी ड्राइव 2.0” 1 जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान,कलेक्टर ने नागरिकों से स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की

“राष्ट्रीय पीएनजी ड्राइव 2.0” 1 जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान,कलेक्टर ने नागरिकों से स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की

एमसीबी : सरगुजा संभाग में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पीएनजी ड्राइव 2.0 अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया गया है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने इस अभियान को समर्थन देते हुए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों में पीएनजी एवं सीएनजी को तेजी से अपनाने की अपील की है।

राष्ट्रव्यापी अभियान 1 जनवरी से 31 मार्च तक संचालित
पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) एवं कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु यह राष्ट्रव्यापी अभियान 1 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) द्वारा प्रारंभ किया गया है, जिसे भारत पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (BPCL) सहित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन संस्थाओं के सहयोग से लागू किया जा रहा है।

राष्ट्रीय पीएनजी ड्राइव 2.0 का मुख्य उद्देश्य
राष्ट्रीय पीएनजी ड्राइव 2.0 भारत के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य घरेलू, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्टिविटी का विस्तार करना, परिवहन क्षेत्र में सीएनजी बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाना तथा निष्क्रिय गैस कनेक्शनों को सक्रिय कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक गैस की खपत बढ़ाने के दृष्टिकोण को मजबूती प्रदान करता है। साथ ही यह भारत की वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो उत्सर्जन की प्रतिबद्धता तथा वर्ष 2030 तक जीडीपी की उत्सर्जन तीव्रता में 45 प्रतिशत कमी के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है।

कलेक्टर ने की नागरिकों से अपील
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने नागरिकों से पारंपरिक ईंधनों के स्थान पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा विकल्प अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पीएनजी एवं सीएनजी न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि यह एक सुरक्षित और दीर्घकालिक ऊर्जा समाधान भी है। उन्होंने आम नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं औद्योगिक इकाइयों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

पीएनजी ड्राइव 2.0 : व्यापक रणनीति के साथ आए आगे
पीएनजीआरबी द्वारा प्रारंभ यह तीन माह का अभियान देशभर में प्राकृतिक गैस कनेक्टिविटी के विस्तार पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक उपयोग को प्रोत्साहित करने, निष्क्रिय कनेक्शनों को पुनः सक्रिय करने तथा सीएनजी स्टेशन नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

2024 में आयोजित पहले पीएनजी अभियान की सफलता के आधार पर इस बार पीएनजी ड्राइव 2.0 को अधिक लक्षित रणनीति, व्यापक जनभागीदारी और सशक्त निगरानी तंत्र के साथ लागू किया जा रहा है। अभियान के नारे “पीएनजी के साथ नॉन-स्टॉप जिंदगी” और “सीएनजी के साथ नॉन-स्टॉप जिंदगी” स्वच्छ, निरंतर और भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्ति के संदेश को दर्शाते हैं।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

देशव्यापी बुनियादी ढांचे का विस्तार
पीएनजीआरबी ने देशभर में 307 भौगोलिक क्षेत्रों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के संचालन की अनुमति दी है, जिससे भारत के लगभग संपूर्ण भूभाग को कवर किया जा सके। इसके अंतर्गत स्थानीय गैस पाइपलाइन, सीएनजी स्टेशन और पीएनजी कनेक्शन का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। यह नेटवर्क 32,667 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय गैस पाइपलाइन नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

स्वच्छ ऊर्जा की ओर बड़ा कदम
पीएनजी ड्राइव 2.0 जनभागीदारी, बुनियादी ढांचे के विस्तार और उपभोक्ता जागरूकता के माध्यम से भारत को स्वच्छ, किफायती एवं ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करता है। यह अभियान प्रदूषण में कमी, ऊर्जा लागत में बचत और जीवन गुणवत्ता में सुधार के साथ आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन को सुदृढ़ करता है।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments