छुरा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की रजत जयंती पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

छुरा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की रजत जयंती पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा :  छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजत जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में विद्युत वितरण विभाग छुरा द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता शामिल हुए।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर विद्युत सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण, डिजिटल बिल भुगतान प्रणाली, स्मार्ट सेवाओं एवं उपभोक्ता जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत विस्तार, सेवा प्रणाली में सुधार, लाइन लॉस में कमी, तकनीकी उन्नयन तथा उपभोक्ता सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है


विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में विद्युत विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। राज्य गठन के बाद से बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक उपभोक्ता तक सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना है। उन्होंने डिजिटल सेवाओं, स्मार्ट बिल भुगतान व्यवस्था और ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की।

मुख्य अतिथि लुकेश्वरी निषाद ने कहा कि गांव-गांव तक बिजली पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और छोटे व्यवसायों को नई दिशा मिली है। आज विद्युत सुविधा ग्रामीण एवं नगरीय विकास की आधारशिला बन चुकी है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि बेहतर सेवा, तकनीकी उन्नयन और डिजिटल व्यवस्था से विद्युत विभाग के प्रति उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत हुआ है। निरंतर सुधारों का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।कार्यक्रम के दौरान ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, लाइन सुधार, स्मार्ट मीटर, ऑनलाइन बिल भुगतान एवं अन्य डिजिटल सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी गई। साथ ही उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान करने एवं विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।इस अवसर पर बीपीएल, घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्युत कर्मचारियों एवं जागरूक उपभोक्ताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments