गंडई : थाना गंडई क्षेत्र अंतर्गत महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से ठोकर मारकर मौके से फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान शैलेन्द्र निर्मलकर (23 वर्ष) निवासी ग्राम ईरिमकसा थाना गंडई के रूप में हुई है, जो घटना के समय लाल रंग की पल्सर बाइक (CG 08 AU 3664) चला रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7.40 बजे ललिता साहू पति रेघउ साहू (53 वर्ष) निवासी ग्राम मरदकठेरा खाना डिब्बा लेकर खेत की ओर पैदल जा रही थीं। करीब 8 बजे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड पर कालेगोंदी की ओर से आ रही अज्ञात लाल रंग पल्सर बाइक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
घटना के बाद बाइक चालक फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने अपराध धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुराग जुटाया। जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक के हेडलाइट वाइजर को बनवाने सहसपुर लोहारा स्थित रामा बजाज शोरूम गया था। वहीं से उसकी पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस ने आरोपी को तलब कर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद प्रकरण में धारा 105 बीएनएस भी जोड़ी गई। घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों व CCTV की मदद से महिला को कुचलकर भागने वाले फरार आरोपी तक पहुंचकर कार्रवाई की गई है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments