बड़ी कार्रवाई : नशीली कैप्सूल बरामद, मेडिकल स्टोर कनेक्शन से खुली सप्लाई चेन की परतें

बड़ी कार्रवाई : नशीली कैप्सूल बरामद, मेडिकल स्टोर कनेक्शन से खुली सप्लाई चेन की परतें

जगदलपुर :  शहर में युवाओं तक पहुंच रही प्रतिबंधित नशीली टेबलेटों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 14 लाख रुपये से अधिक कीमत की ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त की गई है। मामला जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र का है, जहां सूचना के आधार पर छापेमार कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में प्रतिबंधित दवाएं रखकर युवाओं को बेच रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और स्थानीय निवासी नरेंद्र सिंह ठाकुर (36) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह दवाएं ओडिशा के नबरंगपुर से लाता था। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा रवाना हुई और नबरंगपुर स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई कर वुन्ना रामाकृष्णा राव को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति की जा रही थी।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

कार्रवाई में कुल 2,358.4 ग्राम ट्रामाडोल (440 पत्ते, 3,520 नग) जब्त की गई, जिसकी खुदरा कीमत लगभग 14 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय एनडीपीएस में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

प्राथमिक जांच में यह संकेत मिला है कि नबरंगपुर से दवाएं लाकर स्थानीय स्तर पर युवाओं के बीच सप्लाई की जा रही थीं। पुलिस अब सप्लाई चेन और संभावित अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments