परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : विकासखंड मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत साजापाली में तीन दिवसीय अखंड रामचरितमानस सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। सम्मेलन में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता आकाश दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट और बाजे-गाजे के साथ आत्मीय स्वागत किया।तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने सहभागिता की। अखंड पाठ, भजन-कीर्तन और प्रवचन के माध्यम से रामचरितमानस के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। “रामचरित मानस परिवार” के सदस्यों ने मधुर भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस सचिव अधिवक्ता आकाश दीक्षित ने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का आधार है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश मिलता है, जिसे आज के समाज में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
इस अवसर पर कई ग्रामीणों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रामचरितमानस के आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव और भाईचारे को बढ़ाया जा सकता है। वक्ताओं ने रामायणकालीन प्रसंगों के माध्यम से नैतिक मूल्यों, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया।सम्मेलन के समापन अवसर पर सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्रामीण समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं।तीन दिवसीय इस सम्मेलन ने साजापाली ग्राम को भक्ति रस में सराबोर कर दिया तथा ग्रामीणों के बीच सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments