परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/ छुरा : नगर के शीतला मंदिर प्रांगण में विकासखंड स्तरीय स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में मितानिन बहनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को जनसैलाब में बदल दिया।मुख्य अतिथि के रूप में रोहित साहू उपस्थित रहे। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, जिला पंचायत वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, खड़मा मंडल अध्यक्ष हेमंत साहू, युवा नेता राजू साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
239.68 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने कुल 239.68 लाख रुपये (लगभग 2.39 करोड़) की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें प्रमुख रूप से –
121.16 लाख रुपये से कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण,108.52 लाख रुपये से सीसी रोड एवं टीना शेड निर्माण, 10 लाख रुपये से ठेठवार यादव समाज भवन निर्माण शामिल है।
इन कार्यों से नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। “मितानिन दीदी गांव की सबसे बड़ी ताकत”
मितानिन बहनों को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याएं सुनना और उनका निराकरण करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “आज मितानिन बहनें गांव की रीढ़ बन चुकी हैं। यदि उन्हें गांव की ‘एमबीबीएस डॉक्टर’ कहा जाए तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी। प्राथमिक उपचार, प्रसव सहयोग, टीकाकरण जागरूकता और स्वास्थ्य परामर्श में उनका योगदान अतुलनीय है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज रहेगी और आने वाले वर्षों में क्षेत्र में विकास की नई धारा प्रवाहित होगी।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कुर्सी के लिए बुद्धि भी चाहिए
एक वर्ष में बदली विकास की तस्वीर
नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में छुरा नगर में विकास की रफ्तार अभूतपूर्व रही है। सड़क, पानी, नाली और भवन निर्माण जैसे मूलभूत कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने राजा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए बजट की मांग रखी, जिस पर विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।जिला पंचायत वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “भारत गांवों में बसता है” और गांवों का सशक्तिकरण ही देश के विकास का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प का उल्लेख करते हुए स्वस्थ गांव, सशक्त प्रदेश और विकसित राष्ट्र की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
खेल सुविधाओं की मांग, मिला आश्वासन
पार्षद भोलेशंकर जायसवाल ने खिलाड़ियों के लिए इंडोर स्टेडियम, वॉलीबॉल नेट एवं खेल मैदान निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
मितानिन बहनों का सम्मान
सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिन बहनों का सम्मान भी किया गया। पूरे कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता अभियान और पंचायत स्तर पर जनभागीदारी को लेकर विशेष चर्चा हुई।
सम्मेलन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जब जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आमजन एक मंच पर आते हैं, तो विकास और स्वास्थ्य दोनों की दिशा मजबूत होती है। छुरा अब स्वस्थ, स्वच्छ और विकसित भविष्य की ओर दृढ़ कदम बढ़ा रहा है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments