राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, मैत्री गार्डन भिलाई में किया वन्यजीव अध्ययन

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, मैत्री गार्डन भिलाई में किया वन्यजीव अध्ययन

बेमेतरा 21 फरवरी 2026:- शैक्षणिक सत्र 2025-26 में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य के भीतर शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम मे 18 फरवरी 2026 को जिला बेमेतरा के चयनित 100 विद्यार्थियों को दुर्ग जिले स्थित मैत्री गार्डन (चिड़ियाघर) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, पर्यावरण एवं जैव विविधता के प्रति रुचि जागृत करना तथा कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान करना था।

शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना होने से पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी श्री गेंदराम चतुर्वेदी, जिला बेमेतरा एवं जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) श्री राजकुमार वर्मा द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को उत्साहपूर्वक रवाना किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखते हुए भ्रमण का अधिकतम शैक्षणिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी बच्चों को शुभकामनाएँ दीं।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कुर्सी के लिए बुद्धि भी चाहिए 

भ्रमण दल में जिले के चारों विकासखंडों से नामांकित विद्यार्थी शामिल थे। उनके साथ संबंधित विकासखंडों के नोडल अधिकारी, एस्कॉर्ट शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे बच्चों की सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं समुचित देखरेख सुनिश्चित की जा सके। मैत्री गार्डन पहुँचकर विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्यजीवों, पक्षियों एवं जैव विविधता को नजदीक से देखा तथा उनके आवास, खान-पान एवं संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। शिक्षकों द्वारा बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं जैव विविधता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धन के लिए टॉय ट्रेन की सवारी भी कराई गई, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से भोजन कराया गया तथा उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे कार्यक्रम में बच्चों ने अनुशासन एवं उत्साह का परिचय देते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई। इस शैक्षणिक भ्रमण का संचालन दल प्रभारी श्रीमती रेणुका चौबे (समावेशी शिक्षा जिला प्रभारी), श्रीमती रजनी देवांगन एवं श्रीमती सरिता सतनामी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिला मिशन समन्वयक एवं सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्री खेमराज साहू के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण के संवर्धन तथा व्यवहारिक ज्ञानार्जन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे नवाचारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया है।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments