कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बेमेतरा द्वारा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बेमेतरा द्वारा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

बेमेतरा, 21 फरवरी 2026:- आज कलेक्टरेट के दृष्टि सभाकक्ष मे अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जिला बेमेतरा में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत आज 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। चार माह तक चले इस अभियान के बाद जिले में कुल 7,25,023 मतदाता अंतिम सूची में दर्ज किए गए हैं। मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के पश्चात 8,388 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि (नेट एडिशन) दर्ज की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीप्ती वर्मा, सर्व एसडीएम सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे | 

चार माह तक चला विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया था। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया गया। जिले में कुल 870 बीएलओ ने 5,96,373 मतदाताओं के प्रपत्रों का मिलान एवं बीएलए के साथ समन्वय का कार्य पूर्ण किया। प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित समय-सीमा में कर 14 फरवरी 2026 तक निराकरण सुनिश्चित किया गया।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कुर्सी के लिए बुद्धि भी चाहिए 

मतदाताओं की संख्या में बदलाव
प्रारंभिक स्थिति में (27-10-2025) जिले में कुल 8,01,756 मतदाता दर्ज थे। 23-12-2025 को प्रारूप सूची प्रकाशन के समय मतदाताओं की संख्या 7,16,635 रही। अंतिम प्रकाशन (21-02-2026) में यह संख्या बढ़कर 7,25,023 हो गई। इस प्रकार ड्राफ्ट सूची के बाद कुल 9,043 नाम जोड़े गए, 655 नाम विलोपित हुए और कुल 8,388 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई।विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े इस प्रकार हैं, 68 साजा: अंतिम मतदाता संख्या 2,36,203, 69 बेमेतरा: अंतिम मतदाता संख्या 2,30,552, 70 नवागढ़ (अ.जा.): अंतिम मतदाता संख्या 2,58,268

पारदर्शिता एवं डिजिटल सुविधा
एसआईआर अभियान के दौरान प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में अद्यतन किए गए हैं। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र वापस प्राप्त नहीं हुए, उनकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर सार्वजनिक की गई, जिससे प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। मतदाता अपने नाम की जांच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट, वोटर पोर्टल (voters.eci.gov.in) तथा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीएलओ अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय/ERO/AERO कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

नाम जोड़ने, संशोधन एवं आपत्ति की प्रक्रिया
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह प्रपत्र-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। प्रविष्टि में त्रुटि सुधार या स्थानांतरण हेतु प्रपत्र-8 तथा किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु प्रपत्र-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जा रहे हैं।अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, बीएलओ, बीएलए, मीडिया प्रतिनिधियों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं समावेशिता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है और जिले में यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। “कोई मतदाता न छूटे” के संकल्प के साथ प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम की जांच अवश्य करें और आवश्यक संशोधन समय रहते कराएं।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments