दो साल से अधूरा पड़ा 24 लाख का स्कूल भवन, एक कमरे में तीन-तीन कक्षाएं लगाने को मजबूर

दो साल से अधूरा पड़ा 24 लाख का स्कूल भवन, एक कमरे में तीन-तीन कक्षाएं लगाने को मजबूर

 

खैरागढ़: खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत चंदैनी में शासकीय प्राथमिक शाला के लिए स्वीकृत अतिरिक्त भवन का निर्माण पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। भवन का काम पूरा नहीं होने से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में स्कूल में केवल दो कमरों में पढ़ाई संचालित हो रही है। स्थिति यह है कि एक कमरे में तीन कक्षाएं और दूसरे कमरे में दो कक्षाएं एक साथ संचालित की जा रही हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी समस्या को देखते हुए सरकार द्वारा स्कूल के लिए अतिरिक्त भवन की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन कार्य एजेंसी की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक भवन निर्माण के लिए लगभग 24 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। बताया जा रहा है कि पंचायत द्वारा ठेकेदार को कुछ राशि का भुगतान भी किया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण कार्य आधा-अधूरा पड़ा हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर साइन बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि निर्माण किस मद से हो रहा है और इसकी कुल लागत कितनी है। जबकि निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए साइन बोर्ड लगाना अनिवार्य होता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और काम के दौरान सही तरीके से पानी की तराई भी नहीं की गई, जिससे भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार अधूरे भवन निर्माण की जानकारी विभाग को कई बार भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जो समझ से परे है। जबकि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर अधूरे कार्यों की जानकारी भी ली जाती है। ग्रामीणों और पालकों में इस मामले को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि लगभग 24 लाख रुपये से बनने वाला स्कूल भवन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन और जिम्मेदार विभाग ठेकेदार पर क्या कार्रवाई करता है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments