होली के दिन खुशियाँ मातम में बदली,18 साल के नीरज की हत्या से लोधी समाज में आक्रोश

होली के दिन खुशियाँ मातम में बदली,18 साल के नीरज की हत्या से लोधी समाज में आक्रोश

आरंग: आरंग के रामनगर चौक (लोधी पारा) में होली के दिन खुशियाँ मातम में बदल गईं, जब क्षेत्र के उभरते युवा कलाकार नीरज लोधी (18 वर्ष) की असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे लोधी समाज और आरंग नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आज श्री हरदेव लोधी समाज, छत्तीसगढ़ के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

होली के दिन हुई खूनी घटना

बता दें कि मृतक नीरज लोधी अपनी कलात्मक प्रतिभा के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखता था। पुलिस के अनुसार 4 मार्च को होली पर्व के दौरान नीरज अपने दो दोस्तों के साथ साहू टी स्टॉल, कलई चौक की ओर जा रहा था।

तीनों जब साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे, तब वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने रंग लगाने के नाम पर उनकी बाइक रोक ली और चाबी निकाल ली। रंग न लगाने की बात कहने पर साहू पारा निवासी संजू निषाद और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों युवकों को बाइक से नीचे गिराकर मारपीट की गई।

इसी दौरान संजू निषाद ने हाथ में पहने लोहे के चूड़े से नीरज के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से उसके सीने में हमला कर दिया। गंभीर हालत में नीरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। थाना आरंग में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।

मां-बाप का इकलौता सहारा था नीरज, मूर्तिकला में थी अद्भुत प्रतिभा

मृतक नीरज लोधी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी असमय मृत्यु ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी। उसकी मौत से घर ही नहीं, बल्कि पूरा मोहल्ला और समाज शोक में डूब गया है।

बचपन से ही नीरज को मूर्तिकला का शौक था। वह घर पर छोटी-छोटी प्रतिमाएं बनाकर अपनी कला को निखारता रहता था। जैसे-जैसे उसकी उम्र बढ़ती गई, वैसे-वैसे उसकी प्रतिभा भी परिपक्व होती गई।

रामनगर चौक में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश और नवरात्रि में मां दुर्गा की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमाएं वह स्वयं तैयार करता था। क्षेत्र की विभिन्न झांकियों के निर्माण में भी उसका विशेष योगदान रहता था। उसकी कलाकारी और सादगीपूर्ण व्यवहार ने उसे सबका प्रिय बना दिया था।

लोधी समाज ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

श्री हरदेव लोधी समाज ने पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के नाम डीएसपी लम्बोदर पटेल को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में लोधी समाज की मांगें:

त्वरित गिरफ्तारी: इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

कठोरतम धाराएं: आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत एवं कठोरतम धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

फास्ट ट्रैक जांच: मामले की निष्पक्ष और तीव्र जांच की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

“शांति को हमारी कमजोरी न समझे प्रशासन”

इस दौरान समाज के अध्यक्ष शैलेन्द्र लोधी ने कहा कि लोधी समाज एक अत्यंत शांतिप्रिय और अनुशासित समाज है, लेकिन अपने होनहार युवा के साथ हुए इस अन्याय पर अब चुप्पी नहीं साधी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर पुलिस ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की और सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो आरंग में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इलाके में पसरा सन्नाटा, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद से ही रामनगर चौक और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण सन्नाटा है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments