सुरक्षित यातायात के लिए जिला प्रशासन की बड़ी पहल, सड़क सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

सुरक्षित यातायात के लिए जिला प्रशासन की बड़ी पहल, सड़क सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

 

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे। 23 जून 2026। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने की। बैठक में पिछले माह लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है, जिसे गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही जिन स्थानों पर रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, वहां मास्ट लाइट की व्यवस्था के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस, समन्वित और परिणाममूलक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनजागरूकता और कड़ाई से नियम पालन का संयुक्त विषय है।

हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान होगा तेज

कलेक्टर ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर चोटों के प्रमुख कारणों में यातायात नियमों की अनदेखी शामिल है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अतिक्रमण हटाने और स्कूल बसों की जांच पर विशेष जोर

बैठक में मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण को भी सड़क सुरक्षा में बाधक बताया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे और व्यस्त मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज की जाए, ताकि यातायात सुचारू और सुरक्षित बना रहे।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने जिले में संचालित स्कूल बसों की फिटनेस जांच नियमित रूप से कराने और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वित कार्रवाई के निर्देश

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं जिला परिवहन अधिकारी ने भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और संयुक्त अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments