बेमेतरा टेकेश्वर दुबे। 23 जून 2026। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा विशेष सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत होटल, ढाबा, लॉज, किराये के मकानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर ठहरने वाले व्यक्तियों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव, डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू एवं डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अभियान संचालित किया जा रहा है।
बेमेतरा पुलिस टीमों द्वारा होटल, लॉज, ढाबों, किराये के मकानों तथा अन्य ठहराव स्थलों पर रहने वाले लोगों के आधार कार्ड एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई, फरार वारंटियों की तलाश, गुंडा-बदमाशों की निगरानी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। जांच के दौरान होटलों, लॉजों एवं किराये के मकानों में ठहरे लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिसमें सभी दस्तावेज सही पाए गए। यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
बेमेतरा पुलिस द्वारा “समाधान ऐप” के माध्यम से मकान मालिकों एवं होटल-लॉज संचालकों को किरायेदारों और यात्रियों का विवरण अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐप में अपलोड किए गए डेटा का लगातार सत्यापन किया जा रहा है। वहीं “सशक्त ऐप” के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए वाहनों की पहचान के लिए विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति को बिना सूचना अपने घर, गांव या प्रतिष्ठान में न ठहराएं तथा कोई भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराये पर देने से पहले उसकी जानकारी संबंधित थाना में अवश्य दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इसमें आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Comments