अभाविप ने सौंपा जिला छात्रा प्रमुख का दायित्व, छात्र नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में निभाएंगी महत्वपूर्ण भूमिका
परमेश्वर राजपूत,छुरा/गरियाबंद: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग में गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्रा याशिका कौर को जिला छात्रा प्रमुख का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनके इस मनोनयन से छुरा क्षेत्र, मुड़ागांव तथा पूरे गरियाबंद जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं परिषद कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की है।
छत्तीसगढ़ के प्रयाग के रूप में प्रसिद्ध राजिम स्थित प्रेम रतन पैलेस में 12 से 15 जून तक आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अभ्यास वर्ग में प्रदेशभर से 381 कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। चार दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विकास, छात्र नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। वर्ग के समापन अवसर पर संगठन द्वारा नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई, जिसमें गरियाबंद जिले के लिए याशिका कौर को जिला छात्रा प्रमुख नियुक्त किया गया।
याशिका कौर वर्तमान में आईएसबीएम विश्वविद्यालय की छात्रा हैं तथा गरियाबंद जिले के मुड़ागांव निवासी कवलजीत सिंह दत्ता की सुपुत्री हैं। विद्यार्थी परिषद के विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी, संगठनात्मक कार्यों में समर्पण तथा छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार कार्य करने की प्रतिबद्धता को देखते हुए परिषद ने उन पर विश्वास जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला छात्रा प्रमुख के रूप में याशिका कौर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक परिसरों में छात्राओं को संगठन से जोड़ने, उनके नेतृत्व कौशल को विकसित करने तथा शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। परिषद का मानना है कि उनके नेतृत्व में जिले में छात्राओं की सहभागिता और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा एवं गति मिलेगी।
इस अवसर पर अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कार्य करती रही है। संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी बनाने का कार्य करता है। याशिका कौर का चयन इसी सोच और उद्देश्य का परिणाम है, जिससे जिले की छात्राओं को आगे बढ़ने एवं नेतृत्व करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
विभाग संयोजक अभिषेक पांडेय ने कहा कि आने वाले समय में गरियाबंद जिले के विभिन्न शैक्षणिक परिसरों में छात्राओं की नेतृत्वकारी भूमिका और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि याशिका कौर संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए छात्राओं के हित में प्रभावी कार्य करेंगी तथा परिषद की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
पूर्व प्रदेश मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य यज्ञदत्त वर्मा, नगर मंत्री मुकेश यादव तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शुभम निषाद सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने याशिका कौर को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं मुड़ागांव सहित पूरे छुरा क्षेत्र एवं गरियाबंद जिले के नागरिकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
याशिका कौर के जिला छात्रा प्रमुख बनने से न केवल छुरा और मुड़ागांव क्षेत्र का गौरव बढ़ा है, बल्कि जिले की छात्राओं को भी नेतृत्व के नए अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। परिषद कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में छात्राओं की भागीदारी बढ़ेगी और शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सकारात्मक पहल को नई गति मिलेगी।

Comments