
परमेश्वर राजपूत,गरियाबंद : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक आवासहीन और जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में 24 जून से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण प्रारंभ होने जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू स्वयं मैदान में उतर आए हैं और उन्होंने क्षेत्र की जनता से ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है कि देश का कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के मकान के नहीं रहेगा। इसी संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान शासन द्वारा तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का ग्राम सभाओं में सार्वजनिक वाचन, अवलोकन एवं परीक्षण किया जाएगा। ग्राम सभा के माध्यम से पात्र परिवारों की प्राथमिकता सूची तैयार होगी तथा सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए दावा-आपत्ति भी प्राप्त की जाएगी।
विधायक साहू ने कहा कि ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, जिससे पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।उन्होंने राजिम विधानसभा क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत मुख्यालयों में आयोजित ग्राम सभाओं में अवश्य शामिल हों। यदि किसी पात्र परिवार का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है, तो दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर उसका निराकरण कराएं।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा अभियान है। पक्की छत हर परिवार का अधिकार है और इस अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण गरीबों के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा और सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र परिवार को पक्के मकान का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
"मोदी की गारंटी, साय सरकार की प्रतिबद्धता और जनता के सहयोग से अब कोई भी पात्र परिवार आवास योजना से वंचित नहीं रहेगा। यह अभियान गरीबों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा की नई नींव रखेगा।" – विधायक रोहित

Comments