68वें बैच का दीक्षांत समारोह: नए जोश के साथ मैदान में उतरेंगे वनरक्षक, उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं का हुआ सम्मान

68वें बैच का दीक्षांत समारोह: नए जोश के साथ मैदान में उतरेंगे वनरक्षक, उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं का हुआ सम्मान

सक्ती 30 जून 2026 : जांजगीर-चांपा–सक्ती वनमंडल के अंतर्गत संचालित वनरक्षक प्रशिक्षण शाला, सक्ती में वनरक्षकों के 68वें प्रशिक्षण सत्र के सत्रांत अवसर पर दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  आलोक तिवारी (भा.व.से.), मुख्य वन संरक्षक, मा.सं.वि./सू.प्रौ., अरण्य भवन, नवा रायपुर तथा विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार पाण्डेय (भा.व.से.), मुख्य वन संरक्षक, बिलासपुर वृत्त, बिलासपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमांशु डोंगरे (भा.व.से.), संचालक एवं वनमंडलाधिकारी, वनरक्षक प्रशिक्षण शाला, सक्ती ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षणार्थियों द्वारा अतिथियों के स्वागत, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात हिमांशु डोंगरे ने 68वें प्रशिक्षण सत्र का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया। "वन वर्धन एवं वनस्पति शास्त्र" में गौरव सिंह, "वन सर्वेक्षण एवं वन अभियात्रिकी" में अनुराग सिंह, "वन प्रबंध एवं वन उपयोगिता" में राजकुमार निषाद तथा "वन विधि एवं वन सुरक्षा" में विशाल विश्वकर्मा को विषयवार पुरस्कार प्रदान किए गए।

पूरे प्रशिक्षण सत्र में प्रथम स्थान राजकुमार निषाद (जांजगीर-चांपा–सक्ती वनमंडल) ने प्राप्त किया, जबकि ऑलराउंडर प्रशिक्षणार्थी के रूप में हेमनारायण सिंह (जशपुर वनमंडल) को सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल को मैदानी कार्यों में पूरी गुणवत्ता और ईमानदारी के साथ लागू करें। उन्होंने आमजन एवं ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वन विभाग की सकारात्मक छवि बनाए रखने की बात कही।

मुख्य अतिथि आलोक तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग में अपनी विश्वसनीयता बनाए रखते हुए निरंतर गुणवत्तापूर्ण कार्य करें। उन्होंने सामान्य ज्ञान और व्यवहारिक समझ के साथ कार्य निष्पादन करने तथा अपने कार्यक्षेत्र में वन संरक्षण एवं वनों के पुनरुत्पादन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही वनरक्षक प्रशिक्षण शाला, सक्ती की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रशिक्षणार्थियों को भी पुरस्कार वितरित किए गए।

इस अवसर पर सुकदेव प्रसाद राठिया (सहायक अनुदेशक), शिखा झा (स.व.स.), कुबेरचरण बरिहा (स.व.सं.), किशन गबेल (वन परिक्षेत्र अधिकारी, सक्ती), अतिथि व्याख्याता राधेलाल शुक्ला (सेवानिवृत्त उप वनक्षेत्रपाल),  सुरेन्द्र मोहन शुक्ला (सेवानिवृत्त उप वनक्षेत्रपाल), श्री रामचन्द्र यादव (सेवानिवृत्त वनक्षेत्रपाल),  नारायण सिंह राठिया (सेवानिवृत्त उप वनक्षेत्रपाल), शिवेन्द्र कुमार राठौर (सहायक ग्रेड-2), श्री उत्तम सिन्हा (पीटीआई), सुखदेव बिराट (वनपाल), सत्यवान यादव (वनरक्षक), अंजली डहरिया (गेमगार्ड) एवं  मनवेल मिंज (भा.वा.चा.) का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन गोविन्द शरण शर्मा (डाटा एंट्री ऑपरेटर) ने किया, जबकि अंत में शिवेन्द्र साहू (अनुदेशक, वनरक्षक प्रशिक्षण शाला, सक्ती) ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments