समोदा मे मुख्यमंत्री ने आरंग क्षेत्र को दी 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

समोदा मे मुख्यमंत्री ने आरंग क्षेत्र को दी 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

आरंग: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, नगरीय विकास और सिंचाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा भी की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में "एक पेड़ मां के नाम 2.0" अभियान के तहत पौधारोपण कर की। इसके बाद उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की तथा जवाहर उत्कर्ष योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरंग क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, उनसे आरंग विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति और नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर सदैव गंभीर रहते हैं। मंत्री द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा भवन में प्रथम तल निर्माण, ग्राम तुलसी के हाई स्कूल का उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन तथा ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं और विकास कार्यों को आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments