‘बॉर्डर 2’ के बाद फैंस को सनी देओल की अगली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का बेसब्री से इंतजार है. इस फिल्म को रिलीज होने में अब तीन हफ्ते से भी कम वक्त बचा है. ऐसे में फिल्म के प्रमोशन को अब और तेज किया जा रहा है. एक तरफ ऑडियंस ट्रेलर देखने के लिए बेताब है, तो दूसरी ओर मेकर्स ने ट्रेलर लॉन्च के लिए खास प्लान तैयार किया है. खबर है कि ‘बंटवारा 1947’ का ट्रेलर दो अलग-अलग शहरों में लॉन्च किया जाएगा. पहले जयपुर के इवेंट में ट्रेलर लॉन्च होगा और इसके बाद मुंबई में ग्रैंड इवेंट रखा जएगा.
सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार शामिल हैं. राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है, जो 14 अगस्त 2026 को रिलीज होने के लिए तैयार है. फिल्म की रिलीज से पहले इसके ट्रेलर की रिलीज डेट और वेन्यू की डिटेल्स सामने आ गई हैं.
बंटवारा 1947 ट्रेलर रिलीज डेट
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ का ट्रेलर 28 जुलाई को राजस्थान के जयपुर में मौजूद सिंगल स्क्रीन थिएटर राज मंदिर में लॉन्च किया जाएगा. इस खास इवेंट में फैंस और मीडिया को इनवाइट किया जाएगा. बताया जा रहा है कि इस दौरान सनी देओल और राजकुमार संतोषी भी मौजूद रहेंगे. जयपुर के आइकॉनिक थिएटर में पहले भी कई बड़े लॉन्च इवेंट हो चुके हैं. जयपुर में ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च के अगले दिन यानी 29 जुलाई को इसी तरह का एक और ट्रेलर लॉन्च इवेंट मुंबई में ऑर्गेनाइज किया जाएगा, जिसमें मीडिया और फैंस शामिल होंगे. आमिर खान के भी इस इवेंट में शामिल होने की उम्मीद है.
सनी देओल के लिए लकी चार्म
रिपोर्ट के मुताबिक, राज मंदिर सनी देओल के लिए भी काफी खास माना जाता है. ‘गदर 2’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की री-रिलीज का प्रमोशन भी इसी थिएटर में किया था. इसके बाद वो ‘जाट’ के प्रमोशन के लिए भी राज मंदिर पहुंचे थे. दोनों फिल्मों की सक्सेस के बाद इस थिएटर को सनी देओल के लिए ‘लकी चार्म’ भी माना जाने लगा है.
सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ सैयद असगर वजाहत के मशहूर नाटक ‘जिस लाहौर नइ देख्या’ पर आधारित है. कहानी भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौर की है, जिसमें लखनऊ से लाहौर पहुंचे एक मुस्लिम परिवार और अपनी पुश्तैनी हवेली छोड़ने से इनकार करने वाली एक हिंदू बुजुर्ग महिला के बीच बने अनोखे रिश्ते को दिखाया गया है.

Comments