दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर पार… सक्ती पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, ₹3.85 लाख का माल शत-प्रतिशत बरामद

Spread the love

सक्ती : सक्ती थाना क्षेत्र में घटित चोरी की घटनाओं के संबंध में प्रार्थियों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर थाना सक्ती में दोनों मामलों में पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

अपराध क्रमांक 357/2026 में प्रार्थी देवराम पटेल पिता स्व. नथुराम पटेल, उम्र 44 वर्ष, निवासी फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे, सक्ती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 28.07.2026 की रात्रि वह परिवार सहित खाना खाने के बाद घर के सामने एवं पीछे बाउंड्रीवाल के मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर सो गया था। दिनांक 29.07.2026 को प्रातः लगभग 08:30 बजे उठकर देखने पर घर की आलमारी खुली मिली तथा बरामदे का लोहे का दरवाजा भी खुला हुआ था। आलमारी में रखे बैग से सोने का हार, झुमका-कनोती, टॉप्स, पदक, चांदी की पायल, मंगलसूत्र, अंगूठियां सहित आधार कार्ड एवं सोने-चांदी के बिल गायब मिले। अज्ञात आरोपी द्वारा बाउंड्रीवाल फांदकर पीछे के दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में प्रवेश कर लगभग ₹2,95,000/- कीमत के मशरूका की चोरी की गई थी।

इसी प्रकार अपराध क्रमांक 332/2026 में वार्ड क्रमांक 11, सोंठी निवासी प्रार्थिया श्रीमती कमला बाई यादव पति सम्मोलाल यादव, उम्र 48 वर्ष द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 28.07.2026 की रात्रि अज्ञात चोर द्वारा घर में प्रवेश कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, बैग में रखे आवश्यक दस्तावेज तथा दुकान में रखी सिगरेट आदि चोरी कर ली गई। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹90,000/- बताई गई थी।

ये भी पढ़े :थानों के CCTV फुटेज को लेकर हाईकोर्ट सख्त, 18 महीने की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का आदेश; लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

दोनों घटनाओं में चोरी करने का तरीका समान पाए जाने पर थाना सक्ती पुलिस द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध बलवीर सतनामी, फलेश साहू एवं समीर डेनियल, सभी निवासी सोंठी, को तलब कर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रात्रि के समय दोनों मकानों में प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी किए गए मशरूका को आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था तथा कुछ जेवरात को अमित अग्रवाल, बी.पी. ज्वेलर्स, सक्ती की ज्वेलर्स दुकान में बिक्री हेतु दिया गया था।

पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के समस्त जेवरात एवं अन्य चोरी गए मशरूका को बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। इस प्रकार दोनों प्रकरणों में चोरी गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3,85,000/- है।

प्रकरण में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) एवं 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 24.08.2026 को चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया तथा गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों/परिचितों को दी गई। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

बलवीर सतनामी फलेश साहू समीर डेनियल
अमित अग्रवाल पिता प्रेमचंद अग्रवाल,

दोनों चोरी के प्रकरणों में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान सहित समस्त मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3,85,000/- है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ के साथ की गई।

थाना सक्ती पुलिस द्वारा तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के समन्वय से लगातार प्रयास करते हुए एक ही गिरोह द्वारा की गई दोनों चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया तथा चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए समस्त मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *